इंदौर। राजबाड़ा इलाके में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। नगर सेवा की ‘पीएम ई-बस’ अचानक अनियंत्रित होकर आगे बढ़ गई और सड़क पर मौजूद 4 लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक ऑटो चालक समेत एक अन्य घायल की मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
प्रत्यक्षदर्शी शंकुतला के मुताबिक, बस ने पहले सड़क किनारे खड़े ऑटो रिक्शा को टक्कर मारी। टक्कर लगते ही ऑटो चालक नीचे गिर गया और बस के पहियों की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। ऑटो के पास थैली बेचने वाला एक युवक भी खड़ा था, जो बस की चपेट में आने से घायल हो गया। एक अन्य युवक को भी चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस काफी तेज गति से आगे बढ़ी थी।
सीसीटीवी में कैद हुआ पूरा हादसा
सीसीटीवी फुटेज में चौराहे पर कुछ लोग खड़े नजर आ रहे हैं। पास में ऑटो रिक्शा भी खड़ा है। इसी दौरान बस अचानक तेजी से आगे बढ़ती है और वहां मौजूद लोगों को कुचल देती है। टक्कर के बाद ऑटो चालक सड़क पर गिरता दिखाई देता है। उसके सिर, मुंह और शरीर के दूसरे हिस्सों में गंभीर चोटें आती हैं।
फुटेज में 2 लोग बस के अगले हिस्से से टकराकर सड़क पर गिरते दिखाई दे रहे हैं, जबकि 2 लोग बस के पिछले पहियों की चपेट में आते हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच जाती है और लोगों की भीड़ जमा हो जाती है।
सवारियों को उतारकर बस पर पथराव
हादसे के बाद राजबाड़ा पर मौजूद लोगों ने बस में बैठी सवारियों को बाहर निकाला। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने बस पर ईंट-पत्थर बरसाए और उसके कांच फोड़ दिए। मौके पर पुलिस पहुंची और स्थिति को संभाला। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिशेष अग्रवाल ने बताया कि राजबाड़ा पर नगर सेवा का बस स्टैंड है, जहां सेवा की बस खड़ी थी। इसी दौरान बस अचानक अनियंत्रित होकर आगे बढ़ गई और पूजा सामग्री की दुकानों की दिशा में चली गई। रास्ते में मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए।
चालक हिरासत में, जांच के बाद होगी कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के अनुसार, हादसे के बाद चालक ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। मामले में प्रकरण दर्ज किया जाएगा। जांच में चालक या किसी अन्य व्यक्ति की लापरवाही सामने आने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और गिरफ्तारी भी की जा सकती है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर हादसे की पूरी वजह पता लगाने में जुटी है। मृतक और घायलों की पहचान के प्रयास भी किए जा रहे हैं।