दिव्या दत्ता मास्क-स्कार्फ में पहुंचीं इंदौर के सराफा बाजार, जमकर चखा स्ट्रीट फूड

इंदौर। बॉलीवुड अभिनेत्री और लेखिका दिव्या दत्ता बुधवार रात अपने भाई डॉ. राहुल एस. दत्ता के साथ इंदौर के मशहूर सराफा बाजार पहुंचीं। लोगों की नजरों से बचने के लिए उन्होंने सिर पर स्कार्फ और चेहरे पर मास्क लगा रखा था। दोनों ने देर रात तक सराफा के खानपान बाजार में घूमकर स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लिया।

दिव्या ने सराफा में छोले-टिकिया, पापड़ी चाट, गराडू और कोकोनट क्रश का जायका लिया। उनके साथ भाई डॉ. राहुल भी नजर आए। दिव्या ने सराफा बाजार में बिताए समय का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो में बाजार की रोशनी, भीड़ और देर रात तक चलने वाली खानपान की दुकानों के साथ दिव्या और उनके भाई को स्ट्रीट फूड का आनंद लेते देखा जा सकता है।

वीडियो साझा करते हुए दिव्या ने लिखा ‘इंदौर का सराफा बाजार मुझे बेहद पसंद आया!! देर रात तक चलने वाले खानपान बाजार की यह अवधारणा कितनी शानदार है!! और चुपके से खाने का मजा ही कुछ और है।’ उनकी ‘छुप के खाने’ वाली बात लोगों को खास पसंद आई। पहचान छिपाकर सराफा में खाने का उनका अंदाज भी चर्चा में रहा।

दिव्या की पोस्ट पर इंदौर के लोगों ने उनका स्वागत किया। एक व्यक्ति ने उन्हें ‘मध्यप्रदेश के दिल और भारत के सबसे स्वच्छ शहर’ में आने पर स्वागत कहा, जबकि कई लोगों ने सराफा के व्यंजनों का आनंद लेने पर शुभकामनाएं दीं। कुछ लोगों ने दिव्या के सराफा पहुंचने को उनके जन्मदिन से पहले के जश्न से जोड़ते हुए उन्हें जन्मदिन की बधाई भी दी।

Leave a Comment