जमीनी नाराजगी और खराब कानून-व्यवस्था के बीच डैमेज कंट्रोल मोड में बीजेपी!

जमीनी नाराजगी और खराब कानून-व्यवस्था के बीच डैमेज कंट्रोल मोड में बीजेपी!

मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव भले ही अभी दो साल दूर हों, लेकिन भाजपा ने चुनावी तैयारियों के नाम पर सभी 230 विधानसभा सीटों पर 1 से 25 दिसंबर तक ‘सेवा दूत’ तैनात करने का फैसला किया है। इनमें मौजूदा विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व जिला अध्यक्ष और निगम-मंडल-बोर्ड के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष शामिल हैं, जिन्हें 25 दिन के डेली कैलेंडर के तहत अपनी आवंटित सीटों पर रहकर सरकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति, संगठन की सक्रियता और स्थानीय समस्याओं का फीडबैक जुटाने की जिम्मेदारी दी गई है।

अभियान के तहत ‘विकसित भारत यात्रा’ भी निकाली जाएगी, जिसमें सेवा दूत प्रमुख सड़कों, रेलवे स्टेशनों, अस्पतालों और जल परियोजनाओं जैसे विकास कार्यों व स्थलों का दौरा करेंगे और स्थानीय प्रभावशाली लोगों व सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स को जोड़ेगे। राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधायक भगवानदास सबनानी, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया और पूर्व सांसद अशोक अर्गल सहित कई वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में सेवा दूत बनाया गया है, जबकि कुछ जिला अध्यक्षों को दूसरे जिले की सीट सौंपी गई है और पांच मंडलों व शक्ति केंद्र स्तर पर बैठकों व संवाद की योजना है।

हालांकि, यह कवायद ऐसे समय में हो रही है जब प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगातार नकारात्मक खबरें सामने आ रही हैं और जमीनी स्तर पर सरकारी कामकाज व योजनाओं के लाभ को लेकर सवाल उठ रहे हैं। कहीं शराब माफिया और खनन माफिया की सक्रियता की खबरें आती हैं, तो कहीं पुलिस के व्यवहार और मनमानी को लेकर शिकायतें सामने आती हैं, जिससे कानून-व्यवस्था और जमीनी प्रबंधन को लेकर असंतोष की स्थिति दिखती है।

ऐसे में सवाल यह है कि क्या यह 25 दिवसीय अभियान और ‘विकसित भारत यात्रा’ केवल योजनाओं और विकास कार्यों के प्रचार तक सीमित रहेगा, या फिर जमीनी नाकामी और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर बन रही धारणा को संभालने की कोशिश के तौर पर देखा जाएगा। विशेष परिस्थितियों को छोड़कर सेवा दूतों के अपनी आवंटित विधानसभा न छोड़ने के निर्देशों के बीच यह देखना अहम होगा कि जमीनी संवाद से क्या तस्वीर उभरती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM