लॉरेंस बिश्नोई तक पहुंचने के लिए फर्जी वकील बना दीपक, जेल की मुलाकातों से गैंग तक पहुंचाता था संदेश!

लॉरेंस बिश्नोई तक पहुंचने के लिए फर्जी वकील बना दीपक, जेल की मुलाकातों से गैंग तक पहुंचाता था संदेश!

नई दिल्ली। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से साबरमती जेल में मुलाकात आसान बनाने के लिए दीपक नंदा उर्फ दीपक खत्री उर्फ मामा ने वकालत का रास्ता अपनाया था। पुलिस के मुताबिक, उसने फर्जी शैक्षणिक दस्तावेजों के सहारे बीए-एलएलबी में दाखिला लिया और बाद में दिल्ली बार काउंसिल में वकील के रूप में पंजीयन भी करा लिया। इस पहचान के जरिए वह जेल में कानूनी मुलाकात की सुविधा हासिल करता था। आरोप है कि इन मुलाकातों का इस्तेमाल वह लॉरेंस से संदेश लेने और गैंग के दूसरे सदस्यों तक पहुंचाने के लिए करता था। दिल्ली क्राइम ब्रांच ने अदालत में दाखिल आरोपपत्र में ये बातें कही हैं।
राउज एवेन्यू अदालत में पेश आरोपपत्र के अनुसार, दीपक दिसंबर 2024 में दिल्ली बार काउंसिल में पंजीयन कराने से पहले भी लॉरेंस से मिलने साबरमती जेल जाता था। लॉरेंस को वर्ष 2023 में साबरमती जेल स्थानांतरित किया गया था। हालांकि, वकील के रूप में पंजीयन होने के बाद दीपक को जेल में कानूनी बातचीत के नाम पर मुलाकात का अवसर मिलने लगा। जांच एजेंसी का आरोप है कि उसने इसी व्यवस्था का फायदा उठाकर गैंग के लिए संदेशों के आदान-प्रदान का काम किया।

फर्जी निकली 12वीं की मार्क शीट, विविनने रद्द किया दाखिला
क्राइम ब्रांच की जांच में सामने आया कि दीपक ने उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के गजरौला स्थित श्री वेंकटेश्वर विश्वविद्यालय में बीए-एलएलबी पाठ्यक्रम में दाखिला लेने के दौरान वर्ष 2019 में शैक्षणिक दस्तावेज जमा किए थे। इनमें जम्मू-कश्मीर बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन की 12वीं की अंकसूची भी शामिल थी। जांच के दौरान जब बोर्ड से इसका सत्यापन कराया गया तो उसने साफ कर दिया कि यह अंकसूची उसके द्वारा जारी नहीं की गई थी।
क्राइम ब्रांच ने विश्वविद्यालय को दस्तावेजों में गड़बड़ी की जानकारी दी। इसके बाद विश्वविद्यालय ने दीपक का दाखिला और उसके शैक्षणिक प्रमाणपत्र निरस्त कर दिए। इस मामले की जानकारी बार काउंसिल ऑफ इंडिया को भी भेजी गई। विश्वविद्यालय की शिकायत पर 28 सितंबर 2026 को अमरोहा के रजबपुर थाने में दीपक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि फर्जी दस्तावेजों के जरिए वकालत की पढ़ाई और फिर बार काउंसिल में पंजीयन कराने के पीछे उसका मकसद पेशेवर वकील बनना नहीं, बल्कि जेल में लॉरेंस तक पहुंच बनाने का था।

थाईलैंड में हुई मुलाकात से शुरू हुआ गैंग से संपर्क
जांच के दौरान दीपक ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2016-17 में उसकी थाईलैंड में मनीष नाम के व्यक्ति से मुलाकात हुई थी। मनीष बैंकॉक में रेस्तरां चलाता है। इसी दौरान उसकी पहचान गैंगस्टर काला राणा से भी हुई थी।
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2020 में मनीष ने दीपक को सूचना दी कि लॉरेंस बिश्नोई को राजस्थान से दिल्ली लाया जा रहा है। उसने लॉरेंस के लिए वकील की व्यवस्था करने को भी कहा था। इसके बाद दीपक मार्च 2021 में अधिवक्ता विशाल चोपड़ा के साथ पहली बार लॉरेंस से मिलने पहुंचा। यहीं से उसका लॉरेंस और उसके गिरोह से संपर्क बढ़ता गया।

उसने वकीलों की व्यवस्था करने का भी काम किया
क्राइम ब्रांच के अनुसार, आगे चलकर दीपक ने काला राणा, काला जठेड़ी और विक्की मिड्डुखेड़ा के लिए भी वकीलों की व्यवस्था करने का काम किया। जांच एजेंसी अब उसकी शैक्षणिक योग्यता, वकालत के पंजीयन और जेल में हुई मुलाकातों को गैंग के साथ उसके संपर्कों की कड़ी के रूप में देख रही है।
आरोप पत्र में दर्ज इन तथ्यों के आधार पर पुलिस का दावा है कि दीपक ने कानून की पढ़ाई और वकालत के पंजीयन को लॉरेंस बिश्नोई तक पहुंचने का जरिया बनाया। जेल में वकीलों को मिलने वाली विशेष सुविधा का इस्तेमाल उसने कथित तौर पर गैंग के भीतर संदेश पहुंचाने के लिए किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM