मुंबई में अमिताभ के ‘जलसा’ से BMC और दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट तक को धमकी, 30 दिन तक ग्रेनेड हमलों की चेतावनी!

मुंबई में अमिताभ के ‘जलसा’ से BMC और दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट तक को धमकी, 30 दिन तक ग्रेनेड हमलों की चेतावनी!

मुंबई। 26/11 मुंबई आतंकी हमलों की 18वीं बरसी पर शहर को दहलाने की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। गुरुवार को मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े और बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) कमिश्नर अश्विनी भिड़े की आधिकारिक ईमेल आईडी पर धमकी भरा संदेश भेजा गया। इसमें बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’, बीएमसी मुख्यालय स्थित मेयर कार्यालय और शहर के कई प्रमुख स्थानों को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई है। ईमेल में मुंबई के मेट्रो रेल नेटवर्क को भी निशाना बनाने की बात कही गई है।
इस बार धमकी में पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ का मुंबई में होने वाला कार्यक्रम भी शामिल है। ईमेल भेजने वाले ने शुक्रवार, 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेस कोर्स में प्रस्तावित दिलजीत के कॉन्सर्ट पर हमले की चेतावनी दी है। संदेश में कार्यक्रम को लेकर गंभीर परिणाम भुगतने की बात कही गई है।

30 दिन तक ग्रेनेड हमलों की धमकी
धमकी भरे ईमेल में खालिस्तान और 1984 के सिख-विरोधी दंगों का उल्लेख किया गया है। संदेश भेजने वाले ने ‘बब्बर खालसा (परमार-कनाडा)’ और ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ के नाम का इस्तेमाल करते हुए चेतावनी दी है कि यदि मुंबई में दिलजीत का कार्यक्रम हुआ तो शहर में लगातार 30 दिनों तक ग्रेनेड हमले किए जाएंगे। ईमेल में दी गई धमकी की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां इसकी जांच में जुटी हैं। हालांकि, ईमेल में जिन संगठनों के नाम लिखे गए हैं, उनसे धमकी भेजने वाले के वास्तविक संबंधों की पुष्टि नहीं हुई है।

बेंगलुरु के कॉन्सर्ट को भी निशाना बनाने की चेतावनी
दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम को लेकर धमकी का यह पहला मामला नहीं है। मुंबई से पहले बेंगलुरु में होने वाले उनके कॉन्सर्ट को भी निशाना बनाने की चेतावनी दी गई थी। 29 नवंबर को मदावारा स्थित एनआईसीई ग्राउंड्स में होने वाले कार्यक्रम के संबंध में ईमेल भेजकर इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) से धमाका करने की धमकी दी गई थी। लगातार दो शहरों में उनके कार्यक्रमों को लेकर धमकी मिलने से आयोजकों और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।

12 नवंबर को भी मुंबई में मचा था हड़कंप
मुंबई में अमिताभ बच्चन के बंगले और प्रमुख सरकारी व सार्वजनिक स्थलों को निशाना बनाने की धमकी पहले भी मिल चुकी है। 12 नवंबर को इसी तरह का ईमेल मिलने के बाद मुंबई में हाई अलर्ट घोषित किया गया था। उस संदेश में छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, महालक्ष्मी स्टेडियम, मेयर कार्यालय, अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ और पंजाब नेशनल बैंक की एक शाखा में बम विस्फोट करने की चेतावनी दी गई थी।
लगातार धमकी भरे संदेश मिलने से मुंबई की सुरक्षा व्यवस्था पर दबाव बढ़ा है। खासकर 26/11 की बरसी और बड़े सार्वजनिक आयोजनों के आसपास ऐसी चेतावनियों को गंभीरता से लिया जा रहा है। अब जांच एजेंसियों के सामने ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के साथ यह पता लगाने की चुनौती है कि इन संदेशों के पीछे कोई संगठित साजिश है या दहशत फैलाने की कोशिश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM