आय से अधिक संपत्ति मामले में राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से राहत, हाईकोर्ट का आदेश निरस्त, सीबीआई और ईडी जांच के निर्देशों पर रोक!
नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को आय से अधिक संपत्ति के आरोपों से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। शीर्ष अदालत ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के उस आदेश को निरस्त कर दिया है, जिसमें केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को राहुल गांधी की कथित आय से अधिक संपत्ति के आरोपों की जांच करने के निर्देश दिए गए थे। सुप्रीम कोर्ट ने भारतीय जनता पार्टी के सदस्य विग्नेश शिशिर की याचिका को नए सिरे से सुनवाई के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट वापस भेज दिया है। अब हाईकोर्ट को इस बात पर भी विचार करना होगा कि यह याचिका सुनवाई योग्य है या नहीं। साथ ही राहुल गांधी को मामले में पक्षकार बनाने का निर्देश दिया गया है।
भाजपा कार्यकर्ता की शिकायत पर कार्रवाई
यह मामला राहुल गांधी की संपत्ति को लेकर कर्नाटक के भाजपा कार्यकर्ता विग्नेश शिशिर की शिकायत से शुरू हुआ था। शिकायत में उनकी आय और संपत्ति को लेकर सवाल उठाए गए थे। इसी आधार पर इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने सीबीआई और ईडी को मामले की जांच करने को कहा था। राहुल गांधी ने इस आदेश को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। उन्होंने मामले को दिल्ली हाईकोर्ट स्थानांतरित करने की मांग भी की थी।
सुप्रीम कोर्ट ने अगस्त 2026 में ही इलाहाबाद हाईकोर्ट के जांच संबंधी आदेश पर अंतरिम रोक लगा दी थी। सुनवाई के दौरान शीर्ष अदालत ने इस बात पर सवाल उठाया था कि जिस व्यक्ति के खिलाफ आरोप लगाए गए हैं, उसका पक्ष सुने बिना हाईकोर्ट ने जांच के निर्देश कैसे जारी कर दिए। सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई और ईडी को भी फिलहाल हाईकोर्ट में इस मामले से जुड़ी कोई रिपोर्ट पेश नहीं करने को कहा था।
27 अक्टूबर को वकील को लगाई थी फटकार
इस मामले की सुनवाई के दौरान 27 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मुद्दा उठाने वाले वकील को कड़ी फटकार लगाई थी। मुख्य न्यायाधीश ने टिप्पणी की थी कि इस मामले को आगे बढ़ाने के पीछे न तो कोई स्पष्ट आधार नजर आता है और न ही इसकी कोई ठोस वजह दिखाई देती है। अदालत ने शिकायत की गंभीरता और उसके आधार पर भी सवाल उठाए थे।
अब सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट का पुराना आदेश निरस्त करते हुए याचिका को दोबारा विचार के लिए उसी अदालत में भेज दिया है। इससे जांच एजेंसियों को तत्काल जांच शुरू करने के निर्देश प्रभावी नहीं रहेंगे। हाईकोर्ट को अब सभी संबंधित पक्षों को सुनने के बाद याचिका की वैधानिक स्थिति पर नए सिरे से फैसला करना होगा।

Leave a Reply