संविधान दिवस पर जबलपुर में कांग्रेस का मार्च, वोट बचाने के अभियान का होगा आगाज
भोपाल। संविधान दिवस के मौके पर 26 नवंबर को मध्य प्रदेश कांग्रेस जबलपुर में संविधान रक्षा मार्च निकालने जा रही है। पहले यह कार्यक्रम भोपाल में प्रस्तावित था, लेकिन अब पार्टी ने आयोजन स्थल बदलकर जबलपुर कर दिया है। इस मार्च के जरिए कांग्रेस संविधान, लोकतांत्रिक अधिकारों और मताधिकार की सुरक्षा का संदेश देने की तैयारी में है।
प्रदेश कांग्रेस के नेतृत्व में होने वाले इस आयोजन में प्रदेशभर के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। मार्च की शुरुआत सुबह 11 बजे गोल बाजार स्थित शहीद स्मारक से प्रस्तावित है। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी सहित कई नेताओं की मौजूदगी रहेगी।
वोट रक्षक अभियान की भी होगी शुरुआत
संविधान रक्षा मार्च के साथ ही कांग्रेस अपने ‘वोट रक्षक अभियान’ की शुरुआत भी करेगी। इस अभियान के तहत पार्टी मतदाता सूची में नाम हटाए जाने और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया से जुड़े सवालों को उठाएगी। कांग्रेस कार्यकर्ता बूथ स्तर पर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे, ताकि जिन मतदाताओं के नाम सूची से हटने की शिकायतें हैं, उनकी जानकारी जुटाई जा सके। पार्टी इसे ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान से जोड़कर आगे बढ़ाएगी।
12 दिसंबर को भोपाल में जुटेंगे विपक्षी नेता
जबलपुर के कार्यक्रम के बाद कांग्रेस की अगली बड़ी तैयारी 12 दिसंबर को भोपाल में होने वाली इंडिया गठबंधन की संयुक्त रैली है। इसमें राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और अखिलेश यादव सहित विपक्ष के प्रमुख नेताओं को आमंत्रित करने की तैयारी है। पार्टी ने इस आयोजन में करीब एक लाख लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा है।
26 नवंबर को जबलपुर से संविधान और मताधिकार की सुरक्षा का संदेश देने के बाद कांग्रेस 12 दिसंबर को भोपाल में विपक्षी दलों के साथ बड़ी संयुक्त रैली के जरिए अपने अभियान को आगे बढ़ाएगी।

Leave a Reply