सीट बंटवारे पर सपा-कांग्रेस में होने वाली बैठक टली, कांग्रेस ने प्रियंका गांधी की अगुवाई में बनाई 5 सदस्यीय समिति!
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं, लेकिन विपक्षी गठबंधन में शामिल समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे का मामला अब तक सुलझ नहीं पाया है। दोनों दलों के बीच मंगलवार को प्रस्तावित बैठक भी टाल दी गई। सीटों की संख्या को लेकर दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बनने से गठबंधन की तस्वीर फिलहाल साफ नहीं हो सकी है।
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं के बीच मंगलवार को सीटों के बंटवारे पर चर्चा होनी थी, लेकिन अब यह बैठक 2-3 दिन बाद होगी। बताया जा रहा है कि सोनिया गांधी की पुस्तक के विमोचन कार्यक्रम में राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की मुलाकात हुई थी। इसके बाद दोनों दलों के बीच होने वाली बातचीत आगे बढ़ा दी गई।
प्रियंका गांधी को सौंपी गई बातचीत की जिम्मेदारी
सीटों के बंटवारे पर बातचीत के लिए कांग्रेस ने 5 सदस्यीय समन्वय समिति गठित की है। इसकी अगुवाई प्रियंका गांधी करेंगी। समिति में केसी वेणुगोपाल, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेन्द्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा और सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद को शामिल किया गया है। इस समिति की जिम्मेदारी समाजवादी पार्टी के साथ सीटों को लेकर चर्चा करना और सहमति बनाने की होगी।
सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी के सामने सीटों का बड़ा प्रस्ताव रखा है। उसकी मांग में ऐसी विधानसभा सीटें भी शामिल हैं, जहां फिलहाल समाजवादी पार्टी के विधायक हैं। इसी मुद्दे पर दोनों दलों के बीच सहमति बनने में मुश्किल आ रही है। समाजवादी पार्टी अपने मौजूदा विधायकों की सीटें छोड़ने को आसानी से तैयार नहीं होगी, जबकि कांग्रेस ज्यादा सीटें हासिल करने की कोशिश में है।
181 सीटों की मांग ने बढ़ाई मुश्किल
उत्तर प्रदेश में विधानसभा की कुल 403 सीटें हैं और सरकार बनाने के लिए 202 सीटों का बहुमत जरूरी है। इससे पहले खबरें आई थीं कि कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी से 181 सीटें मांगी हैं। इतनी बड़ी संख्या में सीटों की मांग के कारण दोनों दलों के बीच बातचीत में खींचतान बढ़ गई है। कांग्रेस के लिए सीटों का यह दावा इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 399 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन उसे केवल 2 सीटों पर जीत मिली थी। पार्टी को कुल 2.33 प्रतिशत वोट मिले थे, जबकि 397 सीटों पर उसके उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा था। इनमें 387 सीटें ऐसी थीं, जहां कांग्रेस प्रत्याशी अपनी जमानत तक नहीं बचा सके थे। लेकिन, तब और आज के हालात में बड़ा अंतर है।
यूपी में कांग्रेस ने मांगी 181 सीटें
कांग्रेस की ओर से 181 सीटों की मांग ने गठबंधन की बातचीत को मुश्किल बना दिया है। अब निगाहें दोनों दलों के नेताओं की अगली बैठक पर टिकी हैं। यह देखना अहम होगा कि कांग्रेस अपनी मांग में कोई बदलाव करती है या समाजवादी पार्टी उसे लेकर बीच का रास्ता निकालती है। सीटों पर सहमति बनने में देरी हुई तो दोनों दलों के बीच चुनावी तालमेल को लेकर अनिश्चितता बढ़ सकती है।

Leave a Reply