मोदी से सवाल पूछने वाली नॉर्वे की पत्रकार का वीजा रद्द, भारत समिट में नहीं हो सकेंगी शामिल
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रेस की आजादी को लेकर सवाल पूछने वाली नॉर्वे की पत्रकार हेले ल्यूंग का भारतीय वीजा उनकी उड़ान से कुछ घंटे पहले रद्द कर दिया गया। उन्हें तेलंगाना सरकार की ओर से 12 से 14 नवंबर तक हैदराबाद में आयोजित ‘भारत समिट’ में शामिल होना था। सम्मेलन में ‘द फ्यूचर ऑफ मीडिया’ विषय पर होने वाली पैनल चर्चा में भी उनकी भागीदारी तय थी।
ल्यूंग 11 नवंबर को ओस्लो से हैदराबाद के लिए रवाना होने वाली थीं। उनके पास सम्मेलन की अवधि के लिए वैध सिंगल एंट्री वीजा था। लेकिन हवाई अड्डे के लिए निकलने से पहले नॉर्वे स्थित भारतीय दूतावास से फोन आया और उन्हें वीजा रद्द होने की जानकारी दी गई। औपचारिक प्रक्रिया पूरी करने के लिए दूतावास ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से आने को भी कहा।
ल्यूंग ने इस फैसले पर हैरानी जताते हुए कहा कि विदेश मंत्रालय से राजनीतिक मंजूरी मिलने के बाद ही उन्हें वीजा जारी किया गया था। इसके बावजूद गृह मंत्रालय ने भारत आने की अनुमति नहीं दी। उन्होंने सवाल उठाया कि उनके मामले में गृह मंत्रालय की क्या भूमिका है। दरअसल, विदेश मंत्रालय ने 3 नवंबर को भारत समिट में शामिल होने वाले विदेशी नागरिकों के नामों को मंजूरी दी थी। हालांकि, मंजूरी पत्र में यह शर्त भी थी कि गृह मंत्रालय और अन्य संबंधित अधिकारियों से आवश्यक अनुमति लेनी होगी।
ओस्लो में मोदी से पूछा था सवाल
हेले ल्यूंग इस साल मई में प्रधानमंत्री मोदी से पूछे गए सवाल के कारण चर्चा में आई थीं। मोदी नॉर्वे के दौरे पर थे। वहां नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गार स्टोर के साथ संयुक्त प्रेस बयान के बाद ल्यूंग ने उनसे पूछा था, ‘प्रधानमंत्री मोदी, आप दुनिया की सबसे स्वतंत्र प्रेस के कुछ सवालों का जवाब क्यों नहीं देते?’ मोदी बिना जवाब दिए आगे बढ़ गए थे।
इसके बाद ल्यूंग ने विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज से भी भारत में कथित मानवाधिकार उल्लंघनों और पत्रकारों के सवालों का जवाब नहीं देने के मुद्दे पर सवाल किए थे। जवाब में जॉर्ज ने मोदी सरकार की कोविड-19 से निपटने की नीति का भी उल्लेख किया था।
अमित शाह से पूछा ‘वीजा क्यों रद्द किया’
वीजा रद्द होने के बाद ल्यूंग ने वीडियो संदेश जारी कर गृह मंत्री अमित शाह से इसकी वजह पूछी। उन्होंने आशंका जताई कि मई में ओस्लो में मोदी से सवाल पूछने के कारण उन्हें भारत आने से रोका गया है। उन्होंने मोदी सरकार की आलोचना करने और उद्योगपति मुकेश अंबानी तथा गौतम अडानी से सवाल पूछने को भी संभावित वजह बताया। भारत समिट के आयोजकों में शामिल पुष्पराज देशपांडे ने एक्स पर इस फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने टिप्पणी की कि प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के शासन में ‘लोकतंत्र की जननी’ की तस्वीर ऐसी ही दिखाई देती है।
बदले की भावना से उठाया कदम
ल्यूंग ने कहा कि भारत में उनके पत्रकार मित्र इसे बदले की भावना से उठाया गया कदम मानते हैं। उन्होंने निराशा जताते हुए सवाल किया कि क्या सरकार को उम्मीद थी कि वह वीजा रद्द होने के मामले पर चुप रहेंगी? फिलहाल, भारतीय अधिकारियों की ओर से वीजा रद्द करने की स्पष्ट वजह सार्वजनिक नहीं की गई है। ऐसे में इस घटनाक्रम ने विदेशी पत्रकारों की भारत यात्रा और प्रेस की स्वतंत्रता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply