छठ मनाने घर लौट रहे लोगों की बस खाई में गिरी, 14 की मौत, 6 घायल

छठ मनाने घर लौट रहे लोगों की बस खाई में गिरी, 14 की मौत, 6 घायल

नेपाल में छठ महापर्व की खुशियां मातम में बदल गईं। काठमांडू से अपने घर सर्लाही लौट रहे यात्रियों की माइक्रोबस गुरुवार सुबह भीमफेदी इलाके में करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन चालक समेत 14 लोगों की जान चली गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। सभी यात्री छठ पर्व मनाने के लिए अपने घर जा रहे थे।
 
सुबह करीब 5:45 बजे हुआ हादसा
यह दुर्घटना नेपाल के बागमती प्रांत के मकवानपुर जिले में भीमफेदी ग्रामीण नगरपालिका क्षेत्र के चिसापानीगढ़ी के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, माइक्रोबस में कुल 20 लोग सवार थे। वाहन काठमांडू से सर्लाही की ओर जा रहा था। इसी दौरान पहाड़ी रास्ते पर बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
 
मौके पर 11 लोगों ने तोड़ा दम
हादसा इतना गंभीर था कि 11 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। बाद में तीन अन्य घायलों ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों की संख्या बढ़कर 14 हो गई। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और राहत दलों ने बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
 
अस्पताल में घायलों का इलाज जारी
हादसे में घायल छह यात्रियों को हेटौडा नगरपालिका स्थित स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत को लेकर चिकित्सकीय निगरानी रखी जा रही है। सभी मृतक और घायल दक्षिणी नेपाल के सर्लाही जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
 
छठ की खुशियों के बीच पसरा मातम
छठ महापर्व के लिए लोग अपने परिवार के साथ समय बिताने और पूजा में शामिल होने की उम्मीद लेकर घर लौट रहे थे। लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। जिन घरों में पर्व की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब अपनों के इंतजार की जगह मातम पसरा है।
फिलहाल दुर्घटना की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर माइक्रोबस पहाड़ी सड़क से नीचे कैसे गिरी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM