दिवाली की आतिशबाजी से इंदौर की हवा हुई जहरीली, भोपाल में भी बढ़ा प्रदूषण
भोपाल। स्वच्छता में लगातार देश में अव्वल रहने वाले इंदौर की हवा दीपावली की रात इतनी जहरीली हो गई कि शहर दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गया। रिकॉर्ड तोड़ आतिशबाजी के कारण रात में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 1708 तक पहुंच गया, जबकि देर रात करीब 3 बजे इसका स्तर 1844 दर्ज किया गया। शहर में धुएं की मोटी परत छा गई और सुबह तक हालात सामान्य नहीं हो सके। कई वायु गुणवत्ता निगरानी ऐप पर इंदौर को दुनिया का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर बताया गया। भोपाल की स्थिति भी चिंताजनक रही। झीलों के शहर का नाम दुनिया के 14 सबसे प्रदूषित शहरों में दर्ज हुआ।
सुबह तक छाया रहा पटाखों का धुआं
मध्य प्रदेश के शहरों में दीपावली की शाम करीब 6 बजे से आतिशबाजी शुरू हो गई थी। पटाखे फोड़ने का सिलसिला रात 2 बजे तक चलता रहा। इंदौर में इसका असर रात 11 बजे से ही दिखाई देने लगा। हवा में धुएं और सूक्ष्म कणों की मात्रा इतनी बढ़ गई कि सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया। सुबह शहर के कई इलाकों में ऐसा नजारा था, मानो घना कोहरा छाया हो। दृश्यता 100 मीटर से भी कम रह गई। लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई। बंद घरों के भीतर भी प्रदूषित हवा का असर महसूस किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, दीपावली की रात 1 बजे इंदौर का एक्यूआई 1708 तक पहुंच गया था। देर रात करीब 3 बजे यह बढ़कर 1844 हो गया। यह स्थिति शहर में वायु प्रदूषण के लिहाज से बेहद गंभीर मानी जा रही है।
पहली बार प्रदूषण का आंकड़ा इस स्तर तक पहुंचा
पर्यावरणविद् के मुताबिक, पटाखों से निकलने वाले सूक्ष्म कण हवा में लंबे समय तक बने रहते हैं और प्रदूषण को तेजी से बढ़ाते हैं। बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से परेशान लोगों के लिए ऐसी हवा विशेष रूप से नुकसानदेह है। इंदौर में प्रदूषण का आंकड़ा पहली बार इस स्तर तक पहुंचा है। यह शहर के पर्यावरण के लिए गंभीर चेतावनी है।
सांस रोग विशेषज्ञ का कहना है कि इस स्तर का प्रदूषण केवल फेफड़ों ही नहीं, त्वचा के लिए भी नुकसानदायक हो सकता है। इससे कई तरह की गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने लोगों को मास्क पहनने और अत्यधिक प्रदूषण के दौरान घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।
भोपाल भी दुनिया के 14 प्रदूषित शहरों में शामिल
इंदौर के साथ भोपाल की हवा भी दीपावली की रात बेहद खराब हो गई। एक्यूआई डॉट इन वेबसाइट के आंकड़ों के मुताबिक, भोपाल 432 के एक्यूआई के साथ दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में 14वें स्थान पर रहा। हालांकि, आतिशबाजी के चरम पर पहुंचने के दौरान शहर का एक्यूआई 1396 तक दर्ज किया गया था।
धूप निकलने के बाद भी हवा साफ नहीं हुई
भोपाल में दीपावली की रात करीब 11:30 बजे एक्यूआई 1396 तक पहुंच गया था। सुबह धूप निकलने के बावजूद हवा में प्रदूषण का असर कम होने की रफ्तार धीमी रही। सुबह 9 बजे भी एक्यूआई 498 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वरिष्ठ वैज्ञानिक अनूप चतुर्वेदी के अनुसार, तापमान में गिरावट और पटाखों से निकलने वाला धुआं मिलकर प्रदूषण को बढ़ाते हैं। रात में तापमान कम होने से हवा में मौजूद प्रदूषक आसानी से फैल नहीं पाते और वातावरण में बने रहते हैं।

Leave a Reply