ऑस्कर की दौड़ में ‘रामायण’, भारत की आधिकारिक एंट्री नहीं; स्वतंत्र रूप से पेश की दावेदारी

ऑस्कर की दौड़ में ‘रामायण’, भारत की आधिकारिक एंट्री नहीं; स्वतंत्र रूप से पेश की दावेदारी

नई दिल्ली। रणबीर कपूर की मुख्य भूमिका वाली फिल्म ‘रामायण’ अब ऑस्कर तक पहुंचने की तैयारी में है। फिल्म के निर्माताओं ने इसे 99वें अकादमी अवॉर्ड्स के लिए विचारार्थ भेजा है। हालांकि, भारत की ओर से इंटरनेशनल फीचर फिल्म श्रेणी में मराठी फिल्म ‘गोंधल’ को आधिकारिक प्रवेशिका चुना गया है। इसके बावजूद ‘रामायण’ के लिए ऑस्कर में जगह बनाने का रास्ता खुला है। इसकी वजह है कि ऑस्कर की कुछ श्रेणियों में फिल्में आधिकारिक चयन के अलावा भी भेजी जा सकती हैं।
‘रामायण’ को सामान्य श्रेणियों में पुरस्कार के लिए पेश किया गया है। फिल्म के भव्य निर्माण और दृश्य प्रभावों को देखते हुए निर्माताओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसकी संभावनाएं नजर आ रही हैं। इसके दृश्य प्रभावों से जुड़ी कंपनी हॉलीवुड की कई बड़ी फिल्मों में काम कर चुकी है और अब तक 8 ऑस्कर पुरस्कार जीत चुकी है। इसी अनुभव के सहारे फिल्म को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की कोशिश की जा रही है।
भारतीय संस्कृति और पौराणिक कथा पर आधारित ‘रामायण’ को बड़े पर्दे पर उतारने की तैयारी लंबे समय से चल रही है। निर्माताओं की कोशिश है कि यह कहानी सिर्फ भारतीय दर्शकों तक सीमित न रहे, बल्कि दुनिया के दूसरे देशों में भी देखी और सराही जाए। हॉलीवुड की ‘द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स’ जैसी फिल्मों ने अपनी काल्पनिक दुनिया को जिस तरह अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई, ‘रामायण’ से भी भारतीय पौराणिक कथाओं और सिनेमा की भव्यता को वैसी ही पहचान मिलने की उम्मीद है।

भारत की आधिकारिक फिल्म होना जरूरी नहीं
ऑस्कर में भारत की ओर से किसी एक फिल्म को आधिकारिक प्रवेशिका चुने जाने का मतलब यह नहीं है कि दूसरी भारतीय फिल्में प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले सकतीं। अकादमी के तय नियमों और पात्रता शर्तों को पूरा करने वाली फिल्में दूसरी श्रेणियों में भी आवेदन कर सकती हैं। ‘रामायण’ के निर्माताओं ने इसी व्यवस्था के तहत फिल्म को सामान्य श्रेणियों में भेजा है।

अमेरिका के छह बड़े शहरों में प्रदर्शन की शर्त
ऑस्कर की सामान्य श्रेणियों में जगह बनाने के लिए फिल्म को अमेरिका के निर्धारित महानगरीय क्षेत्रों में लगातार 7 दिनों तक सिनेमाघरों में दिखाना जरूरी है। इन क्षेत्रों में लॉस एंजिलिस काउंटी, न्यूयॉर्क सिटी, सैन फ्रांसिस्को बे एरिया, शिकागो, डलास-फोर्ट वर्थ और अटलांटा शामिल हैं। इस दौरान हर दिन निर्धारित संख्या में शो होना भी जरूरी है।
इन शर्तों को पूरा करने के बाद फिल्म के निर्माता या वितरक अकादमी के ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ सिनेमाघरों में प्रदर्शन के प्रमाण और फिल्म के कलाकारों तथा तकनीकी टीम का पूरा ब्योरा भी देना होता है।

‘गोंधल’ के साथ ‘अंग’ की भी ऑस्कर में दावेदारी
इंटरनेशनल फीचर फिल्म श्रेणी में भी अब भारतीय फिल्मों के लिए एक से अधिक रास्ते खुल गए हैं। पहले इस श्रेणी में हर देश अपनी चयन समिति के जरिए केवल एक फिल्म भेज सकता था। भारत ने इसी प्रक्रिया के तहत मराठी फिल्म ‘गोंधल’ को अपनी आधिकारिक प्रवेशिका चुना है। लेकिन अकादमी ने नियमों में बदलाव करते हुए कुछ प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में खास पुरस्कार जीतने वाली फिल्मों को भी सीधे इस श्रेणी में आवेदन का मौका दिया है। इसके लिए उन्हें अपने देश की आधिकारिक चयन प्रक्रिया से गुजरना जरूरी नहीं है।
इस बदलाव का फायदा नागा भाषा की फिल्म ‘अंग’ को मिला है। फिल्म को 2026 के टोरंटो अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह (टीआईएफएफ) में प्लेटफॉर्म अवॉर्ड मिलने के बाद इंटरनेशनल फीचर फिल्म श्रेणी में विचार के लिए पात्रता मिली। इस तरह भारत की आधिकारिक प्रवेशिका ‘गोंधल’ के अलावा ‘अंग’ ने भी ऑस्कर तक पहुंचने का रास्ता बना लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM