इंदौर में BJP की अंदरूनी खींचतान? पोस्टर से गायब कैलाश विजयवर्गीय, न्योता भी नहीं
इंदौर। मध्य प्रदेश की राजनीति में इंदौर की विधानसभा-1 एक बार फिर चर्चा में है। इस बार वजह कोई चुनावी बयान या राजनीतिक सभा नहीं, बल्कि एक पार्षद का दीपावली मिलन समारोह है। वार्ड-7 की पार्षद भावना मनोज मिश्रा के आयोजन के पोस्टर से स्थानीय विधायक और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की तस्वीर गायब रही। इतना ही नहीं, उन्हें कार्यक्रम का न्योता तक नहीं भेजे जाने की बात सामने आई है। इस घटनाक्रम ने पार्टी के भीतर चल रही खींचतान की चर्चाओं को फिर हवा दे दी है।
पोस्टर में कई चेहरे, लेकिन मंत्री की तस्वीर नदारद
पार्षद भावना मिश्रा की ओर से बुधवार को दीपावली मिलन और उपहार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के पोस्टर में कई नेताओं को जगह मिली, लेकिन क्षेत्रीय विधायक कैलाश विजयवर्गीय की तस्वीर नजर नहीं आई। कार्यक्रम में भी विजयवर्गीय शामिल नहीं हुए। वहीं भाजपा प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे और सुदर्शन गुप्ता समेत कई नेता आयोजन में पहुंचे। इस दौरान कमजोर वर्ग के परिवारों को दीपावली मनाने के लिए जरूरी सामग्री भी बांटी गई।
मन की बात कार्यक्रम से शुरू हुई दूरी?
बताया जा रहा है कि पार्षद और उनके पति मनोज मिश्रा की विजयवर्गीय से दूरी पहले भी चर्चा में रही है। कुछ समय पहले विजयवर्गीय अपने विधानसभा क्षेत्र के कंडिलपुरा में एक कार्यकर्ता के घर मन की बात कार्यक्रम सुनने पहुंचे थे। संयोग से पार्षद और उनके पति वहां मौजूद नहीं थे। वे अपने कार्यालय में अलग से कार्यक्रम सुन रहे थे।
आकाश विजयवर्गीय के सहयोगियों से भी नाराजगी!
चर्चा है कि मनोज मिश्रा इससे पहले आकाश विजयवर्गीय के सहयोगियों के हस्तक्षेप को लेकर भी नाराजगी जता चुके थे। वहीं मन की बात कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किए जाने की घटना के बाद उनके रिश्तों में और दूरी आने की बात कही जा रही है।
अब दीपावली मिलन समारोह के पोस्टर से मंत्री की तस्वीर गायब होने और उन्हें न्योता नहीं मिलने ने एक बार फिर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यही है कि इंदौर की विधानसभा-1 में यह महज एक पार्षद का निजी आयोजन है या भाजपा के भीतर चल रही नाराजगी अब खुलकर सामने आने लगी है?

Leave a Reply