राहुल गांधी ने निभाया वादा, बड़वानी की प्रियंका की आंखों का दिल्ली में कराया ऑपरेशन; लौटी रोशनी, फ्लाइट से इंदौर पहुंची
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रा की परेशानी सुनकर दिया था इलाज का भरोसा, आर्थिक तंगी के कारण 3 साल की उम्र से आंख की समस्या से जूझ रही थी प्रियंका
इंदौर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान बड़वानी की छात्रा प्रियंका सेंगर से किया वादा पूरा कर दिया। आर्थिक तंगी के कारण वर्षों से आंखों का इलाज नहीं करा पा रही प्रियंका का दिल्ली में ऑपरेशन कराया गया। इलाज के बाद उसकी आंखों की रोशनी में सुधार हुआ है। उपचार पूरा होने के बाद कांग्रेस की ओर से उसे विमान से इंदौर वापस भेजा गया।
19 सितंबर को आयोजित कार्यक्रम में मंच पर पहुंचे विद्यार्थियों के बीच राहुल गांधी की नजर प्रियंका पर पड़ी थी। उसकी एक आंख में परेशानी देखकर उन्होंने कारण पूछा। प्रियंका ने बताया कि पैसों की कमी के चलते उसका इलाज अधूरा रह गया है। यह सुनकर राहुल गांधी ने मंच से ही उसके इलाज की जिम्मेदारी लेने और दिल्ली में उपचार कराने का भरोसा दिया था।
3 साल की उम्र में आंख में चला गया था चूना
प्रियंका ने राहुल गांधी को बताया था कि जब वह महज 3 साल की थी, तब उसकी आंख में चूना चला गया था। इसके कारण एक आंख की रोशनी चली गई। परिवार ने अपनी हैसियत के मुताबिक इलाज कराया और एक ऑपरेशन भी हुआ, लेकिन आगे के उपचार के लिए जरूरी रकम नहीं जुटा सका। इस वजह से उसकी आंख का इलाज बीच में ही रुक गया। राहुल गांधी के आश्वासन के बाद प्रियंका के माता-पिता से फोन पर बातचीत की और इलाज कराने का भरोसा दिलाया था।
राहुल की टीम ने संपर्क कर दिल्ली बुलाया
पिछले महीने राहुल गांधी की टीम ने प्रियंका और उसके परिवार से संपर्क किया। पहले उसके पुराने उपचार और बीमारी से जुड़ी जानकारी जुटाई गई। इसके बाद उसे दिल्ली बुलाकर अस्पताल में आंख का ऑपरेशन कराया गया। उपचार सफल रहा और अब प्रियंका की देखने की क्षमता पहले से बेहतर बताई जा रही है।
इलाज पूरा होने के बाद कांग्रेस की ओर से प्रियंका के लिए विमान से इंदौर लौटने की व्यवस्था की गई। जिस छात्रा ने आर्थिक परेशानी के कारण इलाज की उम्मीद छोड़ दी थी, उसे अब बेहतर रोशनी के साथ नई उम्मीद मिली है। इंदौर के कार्यक्रम में मंच से दिया गया राहुल गांधी का आश्वासन इस तरह पूरा हुआ।

Leave a Reply