इंदौर का युवक ओडिशा ट्रिप के बाद लापता, दोस्तों ने नागपुर जाने वाली ट्रेन में बैठाने की बात कही, परिजनों की पुलिस कमिश्नर से लगाई गुहार!
इंदौर। दोस्तों के साथ ओडिशा घूमने गया लसूड़िया क्षेत्र का 27 वर्षीय गणेश बुखार एक महीने बाद भी घर नहीं लौटा है। 5 सितंबर को बस से ओडिशा गए गणेश को 14 सितंबर तक इंदौर लौटना था, लेकिन इसके पहले ही वह लापता हो गया। परिजनों को उसके दोस्तों से मिली जानकारी और रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में अंतर नजर आने के बाद उसकी तलाश को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
परिजनों के अनुसार, गणेश के साथ ओडिशा गए दोस्त भूपेंद्र और अन्य साथियों ने बताया था कि 7 सितंबर की रात शराब पीने के बाद गणेश का विवाद हुआ था। इसके अगले दिन 8 सितंबर की सुबह दोस्तों ने उसे नागपुर जाने वाली ट्रेन में बैठाने की बात कही। परिवार ने जब रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो गणेश ट्रेन में चढ़ता हुआ नजर नहीं आया। इससे दोस्तों के दावे पर संदेह गहरा गया है।
परिजनों का यह भी कहना है कि जिस होटल में गणेश के साथ विवाद होने की बात बताई गई थी, वहां के संचालक ने किसी तरह का झगड़ा होने से इनकार किया है। इन परिस्थितियों के चलते परिवार लगातार गणेश की तलाश में जुटा है। उसकी मां लालूबाई ने 13 सितंबर को लसूड़िया थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन एक महीने बाद भी उसका कोई पता नहीं चल पाया है।
मंदिरों और आसपास तलाशा
गणेश के नहीं मिलने पर परिवार ने खुद ओडिशा जाकर उसकी तलाश शुरू की। परिजनों ने वहां मंदिरों और आसपास के इलाकों में लोगों को गणेश की तस्वीर दिखाई और उसके बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की। कई स्थानों पर पूछताछ के बावजूद गणेश का कोई सुराग नहीं मिला।
परिजनों का आरोप है कि लसूड़िया थाने में मदद मांगने पर उन्हें पुलिस की ओर से खुद ओडिशा जाकर गणेश को तलाशने की सलाह दी गई। परिवार का कहना है कि वे अपनी ओर से लगातार प्रयास कर रहे हैं, लेकिन पुलिस स्तर पर अपेक्षित मदद नहीं मिल पा रही है।
पुलिस कमिश्नर से मिले परिजन
बुधवार को गणेश के परिजन पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह से मिलने पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी देकर युवक की तलाश में मदद की मांग की। उनका आरोप है कि लसूड़िया पुलिस उन्हें बार-बार थाने बुलाती है और ओडिशा जाकर खुद तलाश करने की बात कहती है। परिजनों के अनुसार, बुधवार को भी वे शाम तक थाने में बैठे रहे, लेकिन उन्हें कोई ठोस मदद नहीं मिली।
परिवार का कहना है कि गणेश के लापता होने को एक महीने से अधिक समय बीत चुका है। दोस्तों के बताए घटनाक्रम, होटल संचालक के बयान और रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में सामने आई स्थिति को लेकर परिवार असमंजस में है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और गणेश की तलाश जारी है।

Leave a Reply