लखनऊ। उत्तर प्रदेश कैडर की चर्चित आईएएस अधिकारी रहीं दिव्या मित्तल ने प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा देने के बाद अपने अगले कदम को लेकर सस्पेंस बनाए रखा है। उन्होंने 30 अगस्त को इस्तीफा दिया था, जिसे सरकार ने 14 सितंबर को स्वीकार कर लिया। अब दिव्या अपनी पेशेवर जिंदगी की नई शुरुआत करने जा रही हैं। वह आगे क्या करेंगी, इसका खुलासा 29 सितंबर को करेंगी।
दिव्या मित्तल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए अपने अगले कदम को लेकर चल रही चर्चाओं का जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि लोग अलग-अलग तरह के अनुमान लगा रहे हैं। किसी का कहना है कि बच्चे छोटे हैं, इसलिए अब घर संभालेंगी। कोई विदेश लौटने की बात कर रहा है तो किसी को लगता है कि वह आईएएस पर लिखी अपनी किताब के जरिए कोचिंग में जाएंगी। कुछ लोग यह भी मान रहे हैं कि उन्हें राजनीति का टिकट मिल गया है। दिव्या ने इन सभी अटकलों के साथ घोषणा की कि वह 29 सितंबर को सुबह 8:30 बजे बताएंगी कि आगे क्या करने वाली हैं।
कई विकल्प होने की बात
दिव्या के इस्तीफे के बाद से ही उनके अगले कदम को लेकर चर्चा बनी हुई है। नौकरी छोड़ने के बाद उनके सामने कई विकल्प होने की बात कही जा रही है। वह देश या विदेश में नौकरी कर सकती हैं, कोचिंग से जुड़ सकती हैं या राजनीति में प्रवेश कर सकती हैं। हालांकि, दिव्या ने अभी इनमें से किसी विकल्प की पुष्टि नहीं की है।
आईआईटी से इंजीनियरिंग, आईआईएम से एमबीए
दिव्या मित्तल का जन्म 23 नवंबर 1983 को दिल्ली में हुआ था। उनका परिवार मूल रूप से हरियाणा के रेवाड़ी जिले से है। उन्होंने आईआईटी दिल्ली से इंजीनियरिंग और आईआईएम बेंगलुरु से एमबीए किया। इसके बाद उन्होंने लंदन में जेपी मोर्गन में नौकरी की, लेकिन विदेश की नौकरी छोड़कर भारत लौट आईं और सिविल सेवा में जाने का फैसला किया।
दिव्या ने 2012 में आईपीएस की सेवा शुरू की और 2013 में 68वीं रैंक हासिल कर आईएएस बनीं। उत्तर प्रदेश में अलग-अलग जिम्मेदारियों के दौरान उन्होंने अपनी कार्यशैली और प्रशासनिक फैसलों के कारण पहचान बनाई। उनकी मां का नाम सरोज मित्तल है। उनकी 2 बेटियां अद्विका और अव्याना ढिल्लों हैं।
पति भी छोड़ चुके हैं सिविल सेवा
दिव्या मित्तल के पति गगनदीप सिंह ढिल्लों भी सिविल सेवा में रह चुके हैं। उन्होंने करीब 4 साल पहले सरकारी सेवा छोड़ दी थी और अब निजी क्षेत्र में ट्रेडर के रूप में काम कर रहे हैं। ऐसे में परिवार में सरकारी सेवा से बाहर निकलकर नई पेशेवर राह चुनने का उदाहरण पहले से मौजूद है। अब सबकी नजर 29 सितंबर पर है, जब दिव्या मित्तल सुबह 8:30 बजे अपने अगले कदम का खुलासा करेंगी। फिलहाल उन्होंने राजनीति, कोचिंग या विदेश में नौकरी से जुड़े किसी भी विकल्प पर अंतिम फैसला सार्वजनिक नहीं किया है।