भोपाल। मध्य प्रदेश में निजी बसों से यात्रा करने वाले यात्रियों की जेब पर अब भारी बोझ पड़ने वाला है। राज्य सरकार के परिवहन विभाग ने बसों के अधिकतम यात्री किराए में बढ़ोतरी का नया राजपत्र जारी कर दिया। इस नए आदेश के अंतर्गत अब साधारण बसों का अधिकतम किराया 2 रुपये प्रति यात्री प्रति किलोमीटर रहेगा, जबकि न्यूनतम किराया 10 रुपये निर्धारित किया गया है। इससे पहले साधारण बसों की दर 1.25 रुपये प्रति किलोमीटर थी। इस तरह किराए में सीधे 75 पैसे प्रति किलोमीटर का इजाफा हुआ है। नए नियमों के आधार पर अगर कोई यात्री 100 किलोमीटर का सफर तय करता है, तो उसे पहले के 125 रुपये की जगह अब 200 रुपये तक का भुगतान करना पड़ेगा।
विभिन्न श्रेणी की बसों के लिए अलग-अलग दरें
विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में विभिन्न श्रेणी की बसों के लिए अलग-अलग दरें तय की गई हैं। इसके अनुसार रात में चलने वाली साधारण बस सेवाओं का किराया सामान्य दर से 10 प्रतिशत अधिक रहेगा। इसी प्रकार डीलक्स नॉन एसी बसों में 25 प्रतिशत, स्लीपर बसों में 40 प्रतिशत, एसी बसों में 50 प्रतिशत और सुपर लग्जरी एसी कोच में 75 प्रतिशत तक ज्यादा किराया वसूला जा सकेगा। हालांकि राहत की बात यह है कि डीलक्स, स्लीपर और लग्जरी बसों में अलग से नाइट चार्ज नहीं लगेगा। इसके साथ ही एक्सप्रेस बस सेवाओं के लिए भी कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं जोड़ा गया है।
हड़ताल की चेतावनी के बाद किराया बढ़ाया
किराए में यह वृद्धि मध्य प्रदेश बस मालिक संघ (बस ऑनर्स एसोसिएशन) की हड़ताल की चेतावनी के बाद की गई है। दो दिन पहले परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह और विभागीय अधिकारियों के साथ संघ की एक बैठक आयोजित हुई थी, जिसमें इस वृद्धि पर सहमति बनी। संघ के प्रतिनिधियों का तर्क है कि बीते 5 वर्षों से यात्री किराए में कोई बदलाव नहीं हुआ था, जबकि डीजल की कीमतें और बसों का परिचालन खर्च (ऑपरेटिंग कॉस्ट) काफी बढ़ चुका है।
हड़ताल का खतरा टला नहीं
हालांकि, किराया बढ़ाए जाने के बावजूद हड़ताल का खतरा पूरी तरह टला नहीं है। संगठन ने सरकार के समक्ष कुल 5 मांगें रखी हैं। बस मालिकों की मुख्य मांग यह है कि उन 40 मार्गों पर भी निजी बसों को अनुमति पत्र (परमिट) दिए जाएं, जहां वर्तमान में केवल मुख्यमंत्री सुगम बस परिवहन सेवा की गाड़ियों को चलाने का प्रावधान है। संघ ने साफ चेतावनी दी है कि यदि उनकी शेष मांगों को स्वीकार नहीं किया गया, तो 7 अगस्त की आधी रात 12 बजे से पूरे प्रदेश में निजी बसों का परिचालन बंद कर दिया जाएगा।