मुंबई। बॉलीवुड के मशहूर गायक अरिजीत सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में फिल्म ‘आवारापन 2’ का नया दर्द भरा गाना ‘ये आवारापन’ 21 जुलाई को रिलीज हुआ है। इस गाने में अरिजीत सिंह की सुरीली आवाज सुनते ही उनके चाहने वालों के चेहरे पर खुशी तो आई, लेकिन इसके साथ ही कई तरह के सवाल भी उठने लगे हैं। सोशल मीडिया पर लोग पूछ रहे हैं कि क्या गायक ने प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने का फैसला बदल लिया है? क्या उन्होंने रिटायरमेंट के वादे से यू-टर्न ले लिया है?
अरिजीत सिंह ने इस साल 27 जनवरी 2026 को सोशल मीडिया पर एक संदेश साझा करते हुए प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने की घोषणा की थी। उन्होंने अपने फैंस का शुक्रिया अदा करते हुए साफ कहा था कि वह अब बतौर प्लेबैक सिंगर कोई भी नया काम या प्रोजेक्ट स्वीकार नहीं करेंगे। इस खबर ने संगीत जगत और उनके लाखों फैंस को पूरी तरह निराश कर दिया था। उस वक्त बी प्राक और बादशाह समेत हिंदी सिनेमा की कई हस्तियों ने उनके इस कदम पर दुख व्यक्त किया था।
‘आवारापन 2’ का यह नया गाना अरिजीत सिंह, संगीतकार अमाल मलिक, गीतकार रश्मि विराग और फिल्म निर्माता विशेष भट्ट के बीच का एक खास प्रोजेक्ट है। खबरों की मानें तो अरिजीत सिंह ने विशेष फिल्म्स के साथ अपने पुराने और गहरे संबंधों के कारण इस गाने के लिए सहमति जताई। विशेष फिल्म्स वही प्रोडक्शन हाउस है जिसने अरिजीत सिंह को फिल्म ‘मर्डर 2’ के मशहूर गाने ‘फिर मोहब्बत’ से पहला बड़ा मौका दिया था। इसके बाद दोनों ने मिलकर ‘तुम ही हो’, ‘मुस्कुराने’, ‘खामोशियां’, ‘हमारी अधूरी कहानी’ और ‘पल’ जैसे कई यादगार और कभी न भूलने वाले गाने दिए। हालांकि, ध्यान देने वाली बात यह है कि संन्यास की घोषणा करते समय अरिजीत सिंह ने यह भी स्पष्ट किया था कि वह भविष्य में नए प्रोजेक्ट्स नहीं लेंगे, लेकिन उनके जो गाने पहले से रिकॉर्ड हो चुके हैं या अधूरे पड़े हैं, वे समय-समय पर रिलीज होते रहेंगे। इसलिए ‘ये आवारापन’ गाना उनकी प्लेबैक सिंगिंग में पक्की वापसी है या फिर यह उनके रिटायरमेंट से पहले रिकॉर्ड किया गया पुराना गाना था, इस पर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल अरिजीत सिंह अपना पूरा ध्यान सिर्फ लाइव शो और म्यूजिक कॉन्सर्ट्स पर ही लगा रहे हैं।