नशामुक्ति का संदेश, 8534 लोगों की मानव शृंखला ने अपना रिकॉर्ड तोड़ा, अभियान के तहत युवाओं ने लिया संकल्प

इंदौर। शहर ने अब सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में भी एक नया अध्याय जोड़ दिया। पुलिस कमिश्नरेट द्वारा चलाए जा रहे ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान के अंतर्गत रविवार सुबह नेहरू स्टेडियम में 8534 से अधिक लोगों ने हाथों में हाथ थामकर विशाल मानव श्रृंखला बनाई और नशामुक्त समाज का संदेश दिया।
इस आयोजन के साथ शहर ने पिछले वर्ष 7100 लोगों के बनाए अपने ही रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। नेहरू स्टेडियम में सुबह से ही उत्साह का वातावरण दिखाई दिया। स्कूली छात्र-छात्राएं, महाविद्यालयों के विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट्स, नवआरक्षक, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और बड़ी संख्या में आम नागरिक इस अभियान का हिस्सा बने। रंग-बिरंगे गुब्बारों और जोश से भरे माहौल के बीच सभी ने नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का सामूहिक संकल्प लिया।

हर नागरिक की भागीदारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने कहा कि जब युवा नशे जैसी बुराई से दूर रहेंगे तभी इस अभियान का मकसद सफल होगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं नशे से बचें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। आयोजन को सफल बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की थीं। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुबह 5 बजे से ही पुलिस बल विभिन्न स्थानों पर तैनात कर दिया गया था।

7100 के मुकाबले 8534 लोग
वर्ष 2025 में इंदौर ने 7100 लोगों की मानव शृंखला बनाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया था। इस बार उससे भी अधिक लोगों की भागीदारी दर्ज हुई और शहर ने अपना ही रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। इस जनजागरण अभियान की तैयारी पिछले एक सप्ताह से लगातार चल रही थी। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी स्वयं इसकी रूपरेखा तैयार करने में जुटे रहे। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में लोगों से संपर्क कर उन्हें नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के दौरान उन लोगों की काउंसलिंग भी की जा रही है, जो नशे की लत छोड़ना चाहते हैं और इसके लिए सहयोग की आवश्यकता महसूस कर रहे हैं।

कई हस्तियों का भी समर्थन
अभियान को अधिक प्रभावी बनाने के लिए बॉलीवुड की कई जानी-मानी हस्तियों ने भी अपना समर्थन दिया। अभिनेता गोविंद नामदेव, सुधांशु पांडे, लोकप्रिय धारावाहिक ‘सीआईडी’ के कलाकार दयानंद शेट्टी, हास्य कलाकार सुनील पाल तथा अभिनेता नील नितिन मुकेश ने वीडियो संदेश जारी कर लोगों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने की अपील की।

Leave a Comment