इंदौर। खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने मंगलवार को खंडवा रोड स्थित एसडीपीएस इंटरनेशनल स्कूल का औचक निरीक्षण कर विद्यालय के किचन और भंडार कक्ष की जांच की। निरीक्षण के दौरान तैयार भोजन और खाद्य सामग्री के कुल 6 नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया।
अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान बनी हुई गिलकी की सब्जी, पोहा, मिक्स्ड फ्रूट जैम, मिर्च पाउडर, नमक और घी के नमूने लिए गए। जांच में किचन परिसर की पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। साथ ही विद्यालय प्रबंधन पेयजल की जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं करा सका।

जंग लगे चाकू और चॉपिंग बोर्ड हटवाए
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान किचन में जंग लगे चाकू और चॉपिंग बोर्ड पाए, जिन्हें तत्काल हटवाया गया। इसके अलावा खाद्य सामग्री के भंडारण में ‘फर्स्ट इन फर्स्ट आउट’ (एफआईएफओ) प्रणाली का पालन भी नहीं किया जा रहा था। अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता संबंधी सभी नियमों का कड़ाई से पालन करने तथा निरीक्षण में मिली कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए।
शिकायत पर किराना दुकान की जांच
इस दौरान शिकायतकर्ता प्रतीक जड़िया द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत पर भी कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रभुलाल डोडियार ने शिकायतकर्ता से दूरभाष पर जानकारी लेने के बाद संबंधित शीतल किराना दुकान का निरीक्षण किया। शिकायत में पेपर बोट स्विंग गोवा 200 मिली पेय पदार्थ की एक्सपायरी तिथि समाप्त होने के बावजूद बिक्री की आशंका जताई गई थी। जांच के दौरान दुकान में बिक्री के लिए रखे गए कोल्ड ड्रिंक, चॉकलेट, बिस्किट और अन्य खाद्य पदार्थों की विस्तार से जांच की गई, लेकिन कोई भी एक्सपायरी खाद्य सामग्री बिक्री के लिए नहीं मिली।