दिल्ली के मालवीय नगर होटल में आग, 11 विदेशी नागरिकों सहित 21 की मौत, कई घायल गंभीर!

नई दिल्ली। मालवीय नगर के हौजरानी क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इस अग्निकांड में 11 विदेशियों समेत कुल 21 लोगों की मौत हो गई, कई घायलों की स्थिति गंभीर है। बृहस्पतिवार को मालवीय नगर थाने में गैर-इरादतन हत्या सहित कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस घटना से जुड़े अन्य जिम्मेदार लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105, 326(ग), 324(5), 125(अ), 125(ब) और 287 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। इन धाराओं में लापरवाही के कारण मृत्यु, आग से नुकसान पहुंचाना, लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालना तथा ज्वलनशील पदार्थों के संबंध में असावधानी बरतने जैसे आरोप शामिल हैं। मालवीय नगर का यह अग्निकांड राजधानी के हाल के वर्षों की सबसे बड़ी त्रासदियों में से एक माना जा रहा है। घटना के बाद अग्नि सुरक्षा मानकों, अवैध रूप से संचालित आवासीय प्रतिष्ठानों और प्रशासनिक निगरानी को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

लवकेश बजाज को गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने होटल के सह-मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि होटल प्रबंधक की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। जांच एजेंसियां आग लगने के कारणों और सुरक्षा मानकों में संभावित चूक की पड़ताल कर रही हैं। इस बीच, दिल्ली नगर निगम ने क्षेत्र में संचालित अवैध होटलों और गेस्ट हाउसों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम की टीम ने बृहस्पतिवार को कई प्रतिष्ठानों को सील कर दिया।

11 विदेशी नागरिकों की मौत
उल्लेखनीय है कि बुधवार सुबह मालवीय नगर थाना क्षेत्र के हौजरानी स्थित ‘फ्लोरिश स्टे बी एंड बी’ नामक रेस्तरां-सह-होटल में भीषण आग लग गई थी। आग और धुएं से बचने के लिए कई लोगों ने इमारत की खिड़कियों से छलांग लगा दी, जबकि कुछ की मौत दम घुटने और झुलसने से हुई। हादसे में करीब 37 लोग घायल हुए हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है। इनमें कई की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों में 10 भारतीय नागरिक शामिल हैं, जो गुरुग्राम और राजस्थान के निवासी बताए गए हैं। विदेशी नागरिकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

Leave a Comment