इंदौर में मेडिकल हॉस्टल की छत से कूदकर आत्महत्या करने वाले डॉ पटेल का सुसाइड नोट नहीं मिला!

     इंदौर। एमजीएम मेडिकल कॉलेज के छात्रावास में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात पीजी डॉ अमन पटेल की पांचवीं मंजिल से गिरने से हुई मौत के मामले में शुरुआती जांच आत्महत्या की ओर इशारा कर रही है। पुलिस को अब तक रैगिंग या आपसी विवाद से जुड़ा कोई ठोस संकेत नहीं मिला। घटना स्थल के हालात और कुछ जानकारियों के आधार पर प्रेम संबंध के पहलू को भी जांच में शामिल किया गया है।
       डॉ अमन पटेल को शांत स्वभाव और पढ़ाई में तेज छात्र माना जाता था। उनका पीजी पाठ्यक्रम करीब छह महीने बाद पूरा होने वाला था। सोमवार को मेडिकल कॉलेज में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में साथी चिकित्सकों और शिक्षकों ने उन्हें याद करते हुए गहरा दुख जताया, लेकिन घटना के कारणों को लेकर कोई खुलकर सामने नहीं आया।

मृतक के परिजन इंदौर आए
   रविवार रात करीब ढाई बजे पुलिस, कॉलेज प्रबंधन और साथी डॉक्टरों की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया। सोमवार दोपहर जबलपुर से पहुंचे परिजन सबसे पहले छात्रावास पहुंचे। वहां घटनास्थल देखकर परिवार के लोग भावुक हो गए। इसके बाद वे शवगृह पहुंचे, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। जांच के दौरान पुलिस और न्यायिक विज्ञान दल ने छात्रावास की छत का निरीक्षण किया। वहां दो दरवाजे मिले, जिनमें एक बंद था जबकि दूसरा खुला हुआ था। पुलिस को आशंका है कि अमन रात में छत पर पहुंचे और बाहर से दरवाजा बंद करने के बाद नीचे छलांग लगा दी। घटनास्थल पर मिले खून के निशान और अन्य परिस्थितियों को भी आत्महत्या की आशंका से जोड़कर देखा जा रहा है।

कमरे में कोई नोट नहीं मिला
    घटना के बाद परिजन और पुलिस लंबे समय तक डॉ अमन के कमरे में कारण तलाशते रहे। बताया गया कि गिरने की ऊंचाई नापने की कोशिश भी की गई, लेकिन मापने वाला फीता छोटा पड़ गया। कमरे में रखी कॉपियां, किताबें और अन्य सामान की जांच की गई, मगर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। जांच में यह बात भी सामने आई कि छात्रावास के कई हिस्सों में निगरानी कैमरे या तो लगे नहीं हैं या खराब हालत में हैं। सुरक्षा व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं बताई जा रही। छात्रों और कर्मचारियों ने पुलिस को बताया कि छत और आसपास अक्सर शराब की बोतलें पड़ी दिखाई देती हैं।

मोबाइल जांच में शामिल
    पुलिस को शव के पास से डॉ अमन का टूटा हुआ मोबाइल भी मिला है। मोबाइल की बातचीत और संदेशों की जांच की जा रही है। करीबी साथियों के मुताबिक घटना से पहले अमन किसी महिला मित्र से वीडियो बातचीत कर रहे थे। बातचीत के बाद वे तनाव में नजर आए। कुछ देर बाद एक महिला का फोन उनके साथियों के पास भी आया, जिसमें अमन के बारे में पूछा गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सोमवार शाम परिजनों की मौजूदगी में डॉक्टर का कमरा खोला गया। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को लेकर जबलपुर रवाना हो गए। पुलिस फिलहाल मामले के हर पहलू की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Comment