16 से 18 मई तक कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी
नई दिल्ली। देश में प्री-मानसून की गतिविधियां तेज होने लगी हैं और इसका असर कई राज्यों में दिखाई देने लगा है। अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश का दौर शुरू हो चुका है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस वर्ष भी पिछले साल की तरह अच्छी वर्षा होने की संभावना है। हालांकि अल-नीनो का असर पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है, इसलिए मौसम में उतार-चढ़ाव बने रहने की आशंका जताई जा रही है।
भारतीय मौसम विभाग ने 16, 17 और 18 मई के दौरान देश के कई हिस्सों में भारी बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की चेतावनी जारी की है। सिक्किम और पश्चिम बंगाल के पर्वतीय इलाकों में 16 से 18 मई तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में बिजली चमकने की भी आशंका जताई है।
पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में बारिश के आसार
प्री-मानसून का प्रभाव उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में देखने को मिलेगा। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 16 से 18 मई के बीच कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में तेज बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में बादल गरजने, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी है।
बिहार और झारखंड में धूल भरी आंधी का खतरा
ओडिशा में 16 से 18 मई के बीच हल्की बारिश और आंधी चलने के संकेत हैं। बिहार में अगले तीन दिनों तक बारिश के साथ धूल भरी तेज आंधी चल सकती है। वहीं विदर्भ क्षेत्र में 15 मई को हल्की से मध्यम बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। छत्तीसगढ़ में भी अगले तीन दिन मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है। झारखंड में 16 मई को बारिश और गरज-चमक की संभावना है, जबकि 17 मई को 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और धूल भरी आंधी चल सकती है।
दक्षिण भारत में भारी बारिश की चेतावनी
16 से 18 मई के दौरान केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और लक्षद्वीप में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और कर्नाटक के भीतरी इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले तीन दिनों तक बादल गरजने, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 16 से 18 मई के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है।