इंदौर। पंढरीनाथ थाना क्षेत्र में 29 लाख 65 हजार रुपए की सनसनीखेज लूट का इंदौर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले का मास्टरमाइंड एक रिटायर्ड आर्मी मैन निकला,जिसने अपने चार साथियों के साथ मिलकर वारदात की साजिश रची थी।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से 22 लाख 50 हजार रुपए नकद तथा लूट की रकम से खरीदी गई करीब ढाई लाख रुपए कीमत की कार भी बरामद की गई। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 24 मई को स्क्रैप कारोबारी मुकुल अग्रवाल की कलेक्शन एजेंसी के कर्मचारी से 29 लाख 65 हजार रुपए लूट लिए गए थे। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज,तकनीकी साक्ष्यों और सूचनाओं की मदद से जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वारदात का मुख्य आरोपी चंद्रशेखर मुकाती पहले एक अन्य स्क्रैप कारोबारी के यहां कार्य कर चुका था। इसी दौरान उसे मुकुल अग्रवाल के कारोबार,कलेक्शन व्यवस्था और बड़े नकद लेनदेन की जानकारी मिली थी। आर्थिक तंगी और ऐशो-आराम की जिंदगी जीने की चाहत में उसने प्रवीण,अमर, फिरोज और कपिल भंडारी के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। लूट के बाद आरोपी राजस्थान स्थित प्रसिद्ध सांवरिया सेठ मंदिर पहुंचे और 1 लाख 11 हजार रुपए का चढ़ावा चढ़ाया। इसके बाद वे राजस्थान और महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों में छिपते रहे। पुलिस ने लगातार दबिश देकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और शेष राशि की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। इस सराहनीय कार्यवाही में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दिशेष अग्रवाल, सहायक पुलिस आयुक्त सराफा विजय तिवारी, थाना प्रभारी (पंढरीनाथ) सतीश पटेल सहित जोन-4 पुलिस की सभी विशेष टीमों की महत्वपूर्ण एवं उल्लेखनीय भूमिका रही।