कटिहार। बिहार के कटिहार सदर प्रखंड अंतर्गत छीटाबाड़ी गांव की रहने वाली मिशा सिंह को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन से विशेष निमंत्रण पत्र प्राप्त हुआ है। उन्हें यह राष्ट्रीय सम्मान खाद्य आपूर्ति श्रृंखला (कोल्ड चेन) के क्षेत्र में उनके द्वारा शुरू किए गए अभिनव स्टार्टअप और उत्कृष्ट कार्यों के लिए दिया जा रहा है।
किशनगंज से एम.एससी. एग्रीकल्चर की पढ़ाई पूरी करने के बाद मिशा वर्ष 2023 से लॉजिस्टिक्स, मार्केटिंग और खाद्य सामग्री के सुरक्षित परिवहन के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनका स्टार्टअप मुख्य रूप से मछली जैसी जल्द खराब होने वाली खाद्य वस्तुओं को ताज़ा और सुरक्षित स्थिति में अंतिम उपभोक्ता तक पहुंचाने की दिशा में काम कर रहा है।
खाद्य पदार्थों के परिवहन और भंडारण में कोल्ड चेन, कोल्ड स्टोरेज और रेफ्रिजरेटेड ट्रकों के प्रभावी उपयोग से उत्पादों की गुणवत्ता लंबे समय तक बनी रहती है। इससे न केवल भोजन का नुकसान कम होता है, बल्कि किसानों और व्यापारियों को उनकी उपज का बेहतर मुनाफा मिलता है, वहीं उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित सामग्री प्राप्त होती है।
आधुनिक कोल्ड चेन प्रणाली को बढ़ावा देने पर केंद्रित
वर्तमान में देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से आने वाले खाद्य उत्पाद बाजार तक तो पहुंच जाते हैं, लेकिन मजबूत कोल्ड चेन व्यवस्था के अभाव में अंतिम ग्राहक तक पहुंचते-पहुंचते उनकी गुणवत्ता प्रभावित होती है। इसी समस्या का हल निकालने के उद्देश्य से मिशा सिंह का स्टार्टअप आधुनिक कोल्ड चेन प्रणाली को बढ़ावा देने पर केंद्रित है। इस वर्ष देश भर से केवल 5 राज्यों असम, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश (वाराणसी), ओडिशा और बिहार के प्रतिभागियों को इस विशेष सम्मान के लिए आमंत्रित किया गया है। इनमें पूरे बिहार राज्य से चयनित होने वाली मिशा सिंह एकमात्र प्रतिभागी हैं।