सुपारी किलर ने ठुकराई थी सिया-चेतन की पेशकश, अब बनेगा हत्या का अहम गवाह, होटल में हुई मुलाकात के फुटेज मिले!

पुणे। केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। अब सामने आया है कि मुख्य आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी ने वारदात को अंजाम देने से पहले एक सुपारी किलर से भी संपर्क किया था। दोनों ने उसे पुणे के एक होटल में बुलाकर केतन की हत्या की जिम्मेदारी सौंपने की कोशिश की थी, लेकिन केतन के बारे में जानकारी मिलने के बाद वह व्यक्ति घबरा गया और उसने सुपारी लेने से साफ इनकार कर दिया।
जांच एजेंसियों ने उस होटल के सीसीटीवी फुटेज भी अपने कब्जे में ले लिए हैं, जिनमें तीनों की मुलाकात दर्ज बताई जा रही है। पुलिस अब उसी व्यक्ति को अदालत में महत्वपूर्ण गवाह के रूप में पेश करने की तैयारी कर रही है। माना जा रहा है कि उसकी गवाही से सिया और चेतन के खिलाफ मामले को और मजबूती मिल सकती है।
जांच के दौरान यह भी पता चला है कि गिरफ्तारी की आशंका को देखते हुए दोनों आरोपियों ने पुलिस पूछताछ से बचने की तैयारी भी की थी। पुलिस के अनुसार, सिया और चेतन ने लगभग 2 घंटे लंबे जापानी वीडियो देखे थे। इन वीडियो में पूछताछ के दौरान शांत रहने, चेहरे के भाव नियंत्रित रखने और सवालों के जवाब किस तरह देने चाहिए, इसकी जानकारी दी गई थी। आरोपियों की वेब हिस्ट्री से इन वीडियो के लिंक भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें जांच का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस के मुताबिक, 18 जून को सिया गोयल और चेतन चौधरी ने केतन अग्रवाल को पुणे के लोहगढ़ किले पर ले जाकर करीब 400 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया था। इस घटना में केतन की मौके पर ही मौत हो गई थी। फिलहाल दोनों आरोपी 16 जुलाई तक येरवदा जेल में न्यायिक हिरासत में हैं। 

मित्तल परिवार भूमिका भी जांची जाए  
   इस बीच केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल ने प्रेस वार्ता में अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए मामले की जांच का दायरा बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस दुख से उबरना संभव नहीं है। उन्होंने अपने इकलौते बेटे की शादी के सपने देखे थे, लेकिन अब बेटा भी नहीं रहा और उसके गम में उनके पिता का भी निधन हो गया। विशाल अग्रवाल ने आरोप लगाया कि केतन और सिया का रिश्ता उनके परिचित मित्तल परिवार ने कराया था।
उनके अनुसार, मित्तल परिवार ने सिया को संस्कारी बताते हुए शादी के लिए भरोसा दिलाया था और कहा था कि लड़की को नहीं, उन्हें देखकर रिश्ता तय करें। उन्होंने कहा कि शादी उसी भरोसे पर तय की गई थी, इसलिए इस पूरे मामले में मित्तल परिवार की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

सिया का संदिग्ध मैसेज 
मामले में सिया गोयल की एक स्नैपचैट बातचीत भी चर्चा में है। वायरल चैट के अनुसार, 25 मई को उसने अपनी एक दोस्त से शादी की बुकिंग के लिए आधार कार्ड की प्रति मांगी थी। इसी बातचीत में उसने एक संदेश लिखा था कि ‘शादी की टिकट के लिए आधार कार्ड फ्रंट-बैक भेज दे, जो होने नहीं वाली लेकिन फिर भी भेज दे।’ इस संदेश को जांच एजेंसियां भी महत्वपूर्ण मानकर उसकी पड़ताल कर रही हैं।

Leave a Comment