सिया के पब के पुराने वीडियो से उसकी मां के दावों पर सवाल उठा !

सिया के पब के पुराने वीडियो से उसकी मां के दावों पर सवाल उठा !

पुणे। केतन अग्रवाल हत्याकांड की आरोपी सिया गोयल का हाल ही में ​सामने आया एक वीडियो पुणे के एक पब का बताया जा रहा है, जो करीब एक साल पुराना है। वीडियो में सिया हाथ में बीयर की बोतल थामे फोन पर चीखती-चिल्लाती नजर आ रही है। इस वीडियो के सामने आने के बाद सिया की मां पूजा गोयल के उन बयानों पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं, जिसमें उन्होंने अपनी बेटी के शराब पीने की बात को पूरी तरह खारिज किया था। पूजा गोयल ने पहले कहा था कि उनकी बेटी ड्रिंक नहीं करती और उस पर मनगढ़ंत आरोप लगाए जा रहे हैं।
​दूसरी तरफ, मृतक केतन अग्रवाल की मां ने शुरुआत से ही आरोप लगाया था कि सिया शराब पीने की आदी थी। उन्होंने बताया था कि रिश्ता तय होने के बाद ही उन्होंने सिया के परिवार को साफ कह दिया था कि उनके घर में यह सब नहीं चलता, लेकिन मना करने के बाद भी सिया ने अपनी यह आदत नहीं बदली।

​रहस्य सुलझाने के लिए वैज्ञानिक जांच का सहारा
​लोहागढ़ किले से गिरकर हुई केतन अग्रवाल की मौत के मामले में पुणे पुलिस अब तक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। इस घटना का न तो कोई सीधा गवाह है और न फिलहाल कोई पक्का सबूत हाथ लगा है। हालांकि, सिया गोयल और चेतन चौधरी के बयानों के आधार पर पुलिस को दोनों द्वारा धक्का दिए जाने का संदेह है।
​केस की कड़ियों को जोड़ने और सच्चाई का पता लगाने के लिए पुणे पुलिस ने अब अदालत से दोनों आरोपियों का पॉलीग्राफी टेस्ट कराने की इजाजत मांगी है।

​मामले से जुड़े अब तक के घटनाक्रम
​यह पूरा मामला 18 जून को शुरू हुआ था, जब लोहागढ़ किले से गिरने के कारण केतन अग्रवाल की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद कार्रवाई करते हुए पुणे पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने इस सिलसिले में केतन और सिया के पारिवारिक सदस्यों से भी विस्तृत पूछताछ की है। फिलहाल दोनों ही आरोपी 3 जुलाई तक पुलिस की रिमांड पर हैं और पुलिस इस ब्लाइंड केस की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM