भोपाल। प्रदेश में गर्मी इस बार अपने चरम पर है। खजुराहो में पारा 45 डिग्री, भोपाल चौत इंदौर में 43 डिग्री तक पहुंच गया। इंदौर में यह आंकड़ा 2019 के बाद सबसे ज्यादा है और 6 साल का रिकॉर्ड टूट गया। भोपाल में यह 10 साल का तीसरा सबसे गर्म दिन रहा। जबलपुर में भी 3 साल बाद इतनी अधिक गर्मी दर्ज की गई।
तेज गर्मी के बीच रविवार और सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश भी हुई। इंदौर, महू, भोपाल, सीहोर, रतलाम, शाजापुर, सागर और विदिशा के गंजबासौदा सहित कई क्षेत्रों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के मध्य भाग में साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय होने के कारण यह बदलाव देखने को मिला। साथ ही अगले तीन दिनों तक वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
इंदौर के कई इलाकों में बूंदाबांदी
शहर में भीषण गर्मी के बाद शाम को कई इलाकों में मौसम बदल गया। बादल छाए और कुछ इलाकों में बूंदाबांदी के साथ कहीं-कहीं रिमझिम बारिश भी हुई, जिससे लोगों को हल्की राहत मिली। अभी और गर्मी बढ़ने का अंदेशा है।
दिन का तापमान एक डिग्री सेल्सियस उछलकर 43 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह औसत से 2 डिग्री ज्यादा है। रात का तापमान भी 28 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रहा। इससे पहले शनिवार इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। पिछले 24 घंटों में तापमान में 1 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि रात का तापमान भी 6 डिग्री बढ़कर 28 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। भीषण गर्मी का असर पूरे शहर में देखने को मिला। दिन में हालात ऐसे रहे कि पंखों की हवा भी राहत नहीं दे पा रही थी। सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में कम आवाजाही रही और लोग केवल जरूरी काम से ही घरों से बाहर निकले।
चौराहों पर लोग हलाकान
रेड सिग्नल के दौरान चौराहों पर वाहन चालक छांव में खड़े होकर ग्रीन सिग्नल का इंतजार करते नजर आए। एक मिनट का इंतजार भी लोगों को पसीने से तर कर रहा था। रात में भी गर्म हवाओं के कारण लोगों को चैन से नींद नहीं मिली, जिससे 24 घंटे गर्मी का असर बना रहा। शनिवार को अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 3 डिग्री अधिक) और न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 5 डिग्री अधिक) दर्ज किया गया।
बढ़ सकता है पारा
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है। अनुमान है कि पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है, जिससे गर्मी का असर और अधिक तीव्र होगा। सोमवार के दिन शुरुआत भी तेज गर्मी से हुई। हवा भी बेहद गर्म रही।