घरेलू विवाद में नाबालिग पोते ने 85 साल के दादा की हत्या की, दोस्त से मिलकर शव नदी में फेंका!

घरेलू विवाद में नाबालिग पोते ने 85 साल के दादा की हत्या की, दोस्त से मिलकर शव नदी में फेंका!

पाली। ​राजस्थान के पाली जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया, जहां रिश्तों को शर्मसार करते हुए एक 16 वर्षीय नाबालिग पोते ने अपने ही 85 साल के दादा की पेचकस और चाकू से हमला कर हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने अपने दोस्त की मदद से शव को बोरे में बंद किया और स्कूटर पर ले जाकर नदी में बहा दिया। पुलिस ने इस मामले में नाबालिग को हिरासत में ले लिया। वारदात में शामिल उसके दोस्त और खेत की रखवाली करने वाले 50 वर्षीय व्यक्ति को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

​गुमशुदगी की जगह हत्या का हुआ खुलासा
​मामला तब सामने आया जब 12 अगस्त को स्थानीय निवासियों की सूचना पर पुलिस ने नदी के पास से एक बुजुर्ग का शव बरामद किया। जांच के दौरान मृतक की छाती पर चाकू के घाव और गला घोंटने के निशान पाए गए। शव की पहचान होने के बाद जब पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की, तो 12वीं क्लास में पढ़ने वाला नाबालिग पोता घबरा गया। परिवार की ओर से बुजुर्ग के लापता होने की कोई शिकायत दर्ज न कराने पर जब पुलिस ने सख्ती से सवाल किए, तो पोते ने अपना अपराध कबूल कर लिया।

​इंटरनेट पर तलाशे हत्या के तरीके से खुला राज
​पुलिस पड़ताल में आरोपी के मोबाइल की सर्च हिस्ट्री से एक चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। आरोपी ने वारदात से पहले इंटरनेट पर हत्या करने के तरीके और मौत के लिए गर्दन पर कितना दबाव जरूरी होता है, इस बारे में जानकारी खोजी थी। योजना बनाने के बाद आरोपी और उसके दोस्त ने बुजुर्ग पर हमला किया। हत्या के बाद दोनों शव को बोरे में भरकर स्कूटर से नदी के पास ले गए, शव को पानी में फेंका और घर लौटकर आराम से सो गए। यह पूरी घटना 10 अगस्त की बताई जा रही है।
​
सोशल मीडिया से मिली बेटों को पिता की मौत की खबर
​मृतक बुजुर्ग गांव में अपनी दो बहुओं और पोते-पोतियों के साथ रहते थे। उनके चार बेटों में से दो का निधन हो चुका है, जबकि दो बेटे अपने परिवारों के साथ मुंबई में रहते हैं। मुंबई में रह रहे बेटों को 13 अगस्त को सोशल मीडिया के जरिए पिता की हत्या की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस थाने पहुंचकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। पुलिस फिलहाल हत्या के मुख्य कारणों और दूसरे आरोपियों की भूमिका को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM