उर्मिला की हत्या का आरोपी पति 7 दिन बाद भी फरार, 10 हजार इनाम

चार टीमें तलाश में जुटीं; खलघाट में देखे जाने की सूचना

इंदौर। पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी हत्याकांड के 7 दिन बाद भी मुख्य आरोपी और मृतका के पति अखिलेश सैनी का कोई सुराग नहीं लग सका। उसकी तलाश में पुलिस की 4 से अधिक टीमें अलग-अलग स्थानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस ने 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया है।
गौरतलब है कि 11 जुलाई को डाक कुंज कॉलोनी स्थित सरकारी आवास में 38 वर्षीय पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी की हत्या कर दी गई थी। घटना के समय उनके दोनों बच्चे स्कूल गए हुए थे। जब बच्चे स्कूल से लौटे तो उन्होंने घर के भीतर मां का खून से लथपथ शव देखा। वारदात के बाद से ही पति अखिलेश सैनी फरार है। जांच अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक पड़ताल में यह बात सामने आई है कि आरोपी ने पूरी घटना की पहले से योजना बनाई थी। पुलिस का मानना है कि उसे इस बात की जानकारी थी कि किसी भी अपराध की जांच में मोबाइल फोन महत्वपूर्ण साक्ष्य बन सकता है। इसी कारण वह अपने दोनों मोबाइल फोन घर पर ही छोड़कर फरार हुआ, जिससे उसकी लोकेशन और संपर्कों का पता लगाने में कठिनाई आ रही है।

नई सिम नहीं खरीदी
पुलिस को आशंका है कि फरारी के दौरान उसने नई सिम खरीदी हो सकती है, लेकिन अब तक इसका कोई प्रमाण नहीं मिला है। जांच में उसके बैंक खातों, यूपीआई और अन्य डिजिटल भुगतान माध्यमों की भी पड़ताल की गई, लेकिन इनमें भी फरारी के बाद किसी प्रकार की गतिविधि सामने नहीं आई। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि अखिलेश सैनी बच्चों को दोपहिया वाहन की चाबी देने के बाद ऐसे रास्ते से निकला, जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे। बाद में उसके फुटेज इंदौर रेलवे स्टेशन पर मिले। जांच में यह जानकारी भी मिली कि उसने दिल्ली जाने के लिए ट्रेन का टिकट बुक कराया था, लेकिन बाद में उसे रद्द कर दिया। इसके बाद वह सरवटे बस स्टैंड क्षेत्र की ओर जाता दिखाई दिया।

खलघाट क्षेत्र में देखा गया
कुछ दिन पहले पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी को खलघाट क्षेत्र में देखा गया है। पुलिस इस सूचना की भी जांच कर रही है, हालांकि अब तक इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। जांच एजेंसियां अखिलेश सैनी के अगरबत्ती कारोबार से जुड़े लोगों की भी जानकारी जुटा रही हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि फरारी के दौरान वह किसी परिचित, कारोबारी या रिश्तेदार के संपर्क में तो नहीं है। इसके अलावा भोपाल में रहने वाले उसके माता-पिता और अन्य रिश्तेदारों से भी पूछताछ की गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश लगातार जारी है और संभावित सभी ठिकानों पर जांच की जा रही है।

Leave a Comment