उत्तराखंड में गुरुद्वारा विवाद, गुरुद्वारा दमदमा साहिब में निहंग डटे, रुद्रप्रयाग, कर्णप्रयाग में इंटरनेट सेवा बंद !

उत्तराखंड में गुरुद्वारा विवाद, गुरुद्वारा दमदमा साहिब में निहंग डटे, रुद्रप्रयाग, कर्णप्रयाग में इंटरनेट सेवा बंद !

 रुद्रप्रयाग / कर्णप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग और कर्णप्रयाग में गुरुद्वारा विवाद के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। रुद्रप्रयाग के नगरासू घोलतीर स्थित गुरुद्वारा दमदमा साहिब में रविवार को लगातार दूसरे दिन भी निहंगों का कब्जा बना रहा। हालात को देखते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और ITBP के जवान मौके पर तैनात हैं, जबकि प्रशासन निहंगों से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास कर रहा है। रुद्रप्रयाग में इंटरनेट सेवा भी बाधित कर दी गई है।
उधर, कर्णप्रयाग में भी सुरक्षा एजेंसियां पूरी चौकसी बरत रही हैं। हाल ही में निहंगों द्वारा मारपीट और तलवार से हमले की घटना के बाद उनके दोबारा कर्णप्रयाग पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। इसे देखते हुए शहर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने एहतियातन इंटरनेट सेवा बंद कर दी है, हालांकि अधिकारियों के अनुसार जिले में स्थिति नियंत्रण में है और शांति बनी हुई है।

सीमाओं पर निगरानी बढ़ाई 
चमोली जिले की सीमाओं पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। ग्वालदम, मेहलचौरी, चोपता धोतीधार और गौचर जैसे सीमावर्ती मार्गों पर पुलिस, पीएसी और आईटीबीपी के जवान तैनात किए गए हैं। बाहरी क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है। कर्णप्रयाग में 27 जून तक निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है, जिसके तहत अधिक संख्या में लोगों के एकत्र होने पर रोक रहेगी।

हेमकुंड साहिब, बद्रीनाथ धाम की यात्रा जारी 
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि हेमकुंड साहिब और बद्रीनाथ धाम की यात्रा सामान्य रूप से संचालित हो रही है तथा यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जा रही। चमोली के जिला अधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि रुद्रप्रयाग प्रशासन के अनुरोध पर कर्णप्रयाग में इंटरनेट सेवा बंद की गई है। उन्होंने कहा कि जिले में शांति बनी हुई है और हेमकुंड साहिब की यात्रा पूर्ववत जारी है।

गुरुद्वारे पर कब्जा, सेवादारों से मारपीट
घटनाक्रम की शुरुआत शनिवार देर शाम हुई, जब हेमकुंड साहिब की यात्रा पर आए कुछ निहंगों ने गुरुद्वारा दमदमा साहिब में तलवार लहराते हुए विरोध प्रदर्शन किया। आरोप है कि उन्होंने गुरुद्वारे पर कब्जा कर वहां मौजूद सेवादारों के साथ मारपीट की। सूचना मिलने पर जिला प्रशासन, पुलिस और आईटीबीपी की टीम मौके पर पहुंची। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में भय का माहौल बन गया।
यह भी जानकारी सामने आई है कि निहंगों ने एक यात्री को जबरन अपने कब्जे में रखा था। पुलिस क्षेत्राधिकारी विकास पुंडीर के अनुसार गुरुद्वारे के भीतर लगभग 7 निहंग मौजूद हैं। पुलिस और आईटीबीपी की टीमें लगातार हालात पर नजर रखे हुए हैं तथा क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM