इंदौर। डीजल उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इंदौर में प्रदेश की पहली डीजल होम डिलीवरी सेवा शुरू की गई है। भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) के डीलर द्वारा ‘जिप्प फ्यूल’ नाम से शुरू की गई इस सेवा के तहत अब उपभोक्ता अपने घर, कार्यालय या कार्यस्थल पर ही डीजल मंगा सकेंगे। इस पहल की शुरुआत पलसीकर कॉलोनी स्थित पेट्रो फिलिंग स्टेशन से की गई है।
इंदौर पेट्रोल डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं पेट्रो फिलिंग स्टेशन के संचालक राजेंद्र सिंह वासु ने बताया कि सेवा का औपचारिक शुभारंभ 19 जून को किया गया। इसके अंतर्गत ग्राहकों को डीजल पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन से अनुमोदित सुरक्षा कैन में उपलब्ध कराया जाएगा। यह व्यवस्था डीजल के परिवहन और भंडारण से जुड़े सभी सरकारी सुरक्षा मानकों के अनुरूप है।
समाधान के उद्देश्य से नई सेवा हाल के दिनों में डीजल वितरण संबंधी नियमों को सख्ती से लागू किए जाने के बाद केवल स्वीकृत कंटेनरों में ही डीजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था लागू हुई थी। इसके कारण जनरेटर संचालकों, कृषि कार्यों में उपयोग होने वाले उपकरणों, निर्माण स्थलों पर काम आने वाली मशीनों तथा औद्योगिक इकाइयों को डीजल प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। वासु के अनुसार इन्हीं समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से यह नई सेवा शुरू की गई है, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और नियमों के अनुरूप डीजल उपलब्ध कराया जा सके। उनका दावा है कि यह इंदौर ही नहीं, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश में अपनी तरह की पहली सेवा है।
सुविधा के लिए नंबर जारी
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए ग्राहकों को व्हाट्सएप नंबर 8839818718 पर उपलब्ध ऑटोमैटिक चैटबॉट के माध्यम से ऑर्डर करना होगा। चैटबॉट पर ग्राहक डीजल की आवश्यक मात्रा, डिलीवरी का पता, पसंदीदा समय और भुगतान का विकल्प चुन सकेंगे। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत डीजल की आपूर्ति की जाएगी। सेवा के शुरुआती चरण में इंदौर शहर के अधिकांश इलाकों को शामिल किया गया है। संचालकों का दावा है कि दूरी और मांग के आधार पर अधिकतम 4 घंटे के भीतर ग्राहकों तक डीजल पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रमाणित माप उपकरणों से मिलेगा
डीजल की मात्रा और सुरक्षा को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक डिलीवरी वाहन में प्रमाणित माप उपकरण लगाए गए हैं। इनमें 5 लीटर क्षमता का कैलिब्रेटेड माप यंत्र भी शामिल है, जिससे ग्राहकों को ऑर्डर के अनुसार सटीक मात्रा में डीजल मिलने की सुनिश्चितता रहेगी। राजेंद्र सिंह वासु का मानना है कि शहरी क्षेत्रों में बढ़ती सुविधाजनक सेवाओं की मांग को देखते हुए यह पहल भविष्य में डीजल वितरण के नए मॉडल के रूप में स्थापित हो सकती है। इससे उपभोक्ताओं का समय बचेगा और उन्हें निर्धारित नियमों के तहत सुरक्षित रूप से डीजल उपलब्ध हो सकेगा।