दतिया हार के बाद नरोत्तम मिश्रा की सफाई से बढ़ी हलचल, आशुतोष तिवारी को बताया ‘अनुज!’

दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद प्रदेश की राजनीति में उठे सियासी घटनाक्रम के बीच पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने सोशल मीडिया पर अपनी ओर से सफाई दी है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के साथ अपने संबंधों को लेकर चल रही चर्चाओं को निराधार बताते हुए उन्हें अपना ‘अनुज’ कहा और दोनों के बीच 25 साल पुराने पारिवारिक रिश्ते का उल्लेख किया।
उपचुनाव में हार के बाद भाजपा के भीतर भितरघात और गुटबाजी को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। ऐसे माहौल में उनकी सोशल मीडिया पोस्ट को कई नजरिए से देखा जा रहा है। राजनीतिक हलकों में यह सवाल भी उठ रहा है कि यह केवल रिश्तों को लेकर दिया गया भावनात्मक संदेश है या फिर उठ रहे आरोपों के बीच अपनी भूमिका को लेकर सफाई देने का प्रयास।

चुनावी भूमिका पर भी चर्चा तेज
दतिया लंबे समय तक डॉ. नरोत्तम मिश्रा का राजनीतिक गढ़ रहा है। ऐसे में भाजपा प्रत्याशी की हार के बाद स्थानीय स्तर पर उनके प्रभाव और चुनावी भूमिका को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। अपनी पोस्ट में उन्होंने आशुतोष तिवारी के साथ आत्मीय संबंधों और हालिया मुलाकात का उल्लेख करते हुए यह जताने का प्रयास किया कि दोनों के बीच किसी प्रकार का मतभेद नहीं है। इसके बावजूद भाजपा के भीतर यह चर्चा भी है कि यह प्रतिक्रिया राजनीतिक नुकसान की आशंका को देखते हुए दी गई है।

पोस्ट में क्या कहा
डॉ नरोत्तम मिश्रा ने लिखा कि दतिया उपचुनाव के बाद उनके और आशुतोष तिवारी के संबंधों को लेकर जो भ्रामक और असत्य बातें फैलाई जा रही हैं, वे पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने कहा कि आशुतोष उनके अनुज हैं और उनके प्रति हमेशा स्नेह व आत्मीयता रही है। दोनों के बीच कभी कोई कटुता नहीं रही और आज भी उनकी मुलाकात पहले जैसी गर्मजोशी से हुई।
उन्होंने आशुतोष तिवारी को भाजपा का कर्मठ, समर्पित और मेहनती कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि वर्ष 2003 के डबरा विधानसभा चुनाव से वह उन्हें एक ईमानदार कार्यकर्ता के रूप में जानते हैं। उनकी कार्यशैली को वर्षों से करीब से देखा है और विश्वास है कि वे संगठन तथा जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे। पोस्ट के अंत में उन्होंने कहा कि उनके और आशुतोष तिवारी के बीच 25 साल का पारिवारिक रिश्ता है। आशुतोष हमेशा उनके अनुज रहेंगे और वह स्वयं उनके अभिभावक की भूमिका में हैं।

Leave a Comment