केतन हत्याकांड में सिया के माता-पिता का बयान, ‘दोष साबित हो तो बेटी को भी मिले फांसी !

पुणे। चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में मुख्य आरोपी सिया गोयल के माता-पिता ने पहली बार सार्वजनिक रूप से अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि यदि उनकी बेटी अदालत में दोषी साबित होती है तो उसे भी किसी तरह की रियायत नहीं मिलनी चाहिए और कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए।
एक स्थानीय समाचार चैनल से बातचीत के दौरान सिया गोयल के पिता प्रवीण गोयल ने कहा कि इस मामले में जो भी दोषी है, उसे सख्त सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वह पूरी जिम्मेदारी और होशोहवास में यह बात कह रहे हैं कि यदि उनकी बेटी अपराध में शामिल पाई जाती है, तो उसे भी फांसी की सजा दी जानी चाहिए। उनके अनुसार न्याय में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए और दोषियों को जल्द से जल्द दंड मिलना चाहिए।
वहीं सिया की मां पूजा गोयल ने भी इसी तरह का रुख अपनाते हुए कहा कि यदि उनकी बेटी ने अपराध किया है तो उसे तत्काल फांसी की सजा दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि एक मां होने के बावजूद वह मानती हैं कि अपराधी को उसके किए की सजा अवश्य मिलनी चाहिए।

तनाव के बीच पिता की तबीयत बिगड़ी
इस बीच सिया गोयल के पिता प्रवीण गोयल की गुरुवार को अचानक तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें पुणे के रूबी हॉल क्लीनिक में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार उन्हें सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई थी। चिकित्सकों की शुरुआती निगरानी में हार्ट अटैक की पुष्टि होने के बाद उनका उपचार शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि केतन हत्याकांड की जांच और उससे जुड़े घटनाक्रमों के कारण वह लंबे समय से मानसिक तनाव में थे। इसी तनाव को उनकी स्वास्थ्य समस्या का प्रमुख कारण माना जा रहा है।

अस्पताल परिसर में सुरक्षा बढ़ाई
प्रवीण गोयल के अस्पताल में भर्ती होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। विशेष रूप से आईसीयू के आसपास निगरानी बढ़ाई गई है और अस्पताल परिसर में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। अधिकारियों द्वारा परिवार की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है, जबकि डॉक्टर लगातार उनकी रिकवरी और स्वास्थ्य संबंधी मानकों की निगरानी कर रहे हैं।

Leave a Comment