रोबोट चौराहे पर बनेगा ₹60 करोड़ का फ्लायओवर, रोज के जाम से मिलेगी राहत !

इंदौर। शहर के सबसे व्यस्त रोबोट चौराहे पर ट्रैफिक जाम की समस्या जल्द कम होने वाली है। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) ने करीब 60 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले फ्लायओवर की तैयारियां तेज कर दी हैं। करीब 500 मीटर लंबे इस फ्लायओवर का डिजाइन अंतिम चरण में है और अगले एक-दो महीने में टेंडर जारी होने की संभावना है।

दो लेन का होगा फ्लायओवर, बीच में मेट्रो के लिए जगह
फ्लायओवर दोनों ओर 12-12 मीटर चौड़ी दो-दो लेन का होगा, जबकि इसके बीच से मेट्रो कॉरिडोर गुजरेगा। पिपलियाहाना, बंगाली और खजराना चौराहों पर फ्लायओवर बनने के बाद अब सबसे ज्यादा दबाव रोबोट और रेडिसन चौराहे पर है, जहां पीक ऑवर में वाहन चालकों को कई सिग्नल चक्र तक इंतजार करना पड़ता है।
आईडीए रेडिसन चौराहे पर अंडरपास की संभावना भी तलाश रहा है। हालांकि मेट्रो के पिलर और पाइल कैप तकनीकी चुनौती बने हुए हैं, जिन पर सर्वे जारी है। आईडीए के सीईओ डॉ. परिक्षित झाड़े ने बताया कि ड्रॉइंग-डिजाइन लगभग तैयार है। परियोजना पूरी होने के बाद रिंग रोड पर यातायात सुगम होगा और हजारों वाहन चालकों को रोजाना लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलेगी।

Leave a Comment