गंजबासौदा के एक खेत में मिला कटा सिर, अखिलेश सैनी का होने की शंका, ट्रैक से 500 मीटर दूर मिला सिर, डीएनए जांच से होगी पहचान!

भोपाल। इंदौर के चर्चित पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी हत्याकांड में एक नया घटनाक्रम सामने आया। गंजबासौदा क्षेत्र के एक गांव के खेत में मिला मानव सिर मुख्य आरोपी अखिलेश सैनी का होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
बरामद सिर और पहले मिले धड़ की पहचान सुनिश्चित करने के लिए दोनों का डीएनए परीक्षण कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई को दोपहर करीब 2 बजे ग्राम महागोर के पास खेत में एक मानव सिर पड़े होने की सूचना ग्रामीणों ने दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सिर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। जिस स्थान पर सिर मिला, वह रेलवे ट्रैक से लगभग 500 मीटर दूर खेतों के बीच स्थित है। सिर की हालत इतनी खराब थी कि उस पर मांस और मांसपेशियां नहीं बची थीं तथा केवल हड्डियों का ढांचा शेष था। इसी कारण मौके पर उसकी पहचान संभव नहीं हो सकी।
मामले की जांच कर रहे सब इंस्पेक्टर बीएल मालवीय ने बताया कि खेत से मिले सिर और पहले बरामद धड़ का डीएनए परीक्षण कराया जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह तय हो सकेगा कि दोनों एक ही व्यक्ति के हैं या नहीं। यदि डीएनए रिपोर्ट में सिर की पहचान अखिलेश सैनी के रूप में होती है, तो यह उर्मिला सैनी हत्याकांड की जांच में एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगी।
उर्मिला सैनी की हत्या के बाद से ही आरोपी अखिलेश सैनी फरार चल रहा था। उसकी बेटी प्रेक्षा ने पुलिस को बताया था कि उसके पिता लंबे समय से उसकी मां पर बिना किसी आधार के शक करते थे। उसने यह भी खुलासा किया था कि आरोपी पहले भी उर्मिला का गला दबाकर हत्या करने का प्रयास कर चुका था। एक बार जब उसने अपनी मां को बचाने की कोशिश की, तब अखिलेश ने मंदिर का सिंहासन उठाकर उसी पर फेंक दिया था।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार तलाश में जुटी थीं। पहले उस पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 20 हजार रुपए कर दिया गया। अब पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि अखिलेश पिछले 8 दिनों से कहां छिपा हुआ था और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। डीएनए रिपोर्ट आने के बाद जांच की दिशा और अधिक स्पष्ट होने की संभावना है।

Leave a Comment