बीजेपी के प्रशिक्षण वर्ग पर कांग्रेस का तंज– ‘सद्बुद्धि की जरूरत क्यों पड़ी?’

बीजेपी के प्रशिक्षण वर्ग पर कांग्रेस का तंज– ‘सद्बुद्धि की जरूरत क्यों पड़ी?’

BJP Training Camp

BJP Training Camp, 16 जून 2025: पंचमढ़ी में बीजेपी सांसदों और विधायकों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का आज समापन हो गया। समापन सत्र में देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भाग लिया और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस मौके पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ला और पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में अनुशासन, विचारशीलता और जनसेवा को प्राथमिकता देने की बात कही। प्रशिक्षण वर्ग के अंतिम दिन सांसदों और विधायकों ने योग और प्राणायाम के साथ दिन की शुरुआत की, जहां मुख्यमंत्री ने भी कई कठिन योगासन किए।

BJP Training Camp: अमित शाह से शुरू, राजनाथ सिंह पर समाप्त

14 जून से पंचमढ़ी के होटल ग्लेन व्यू में चल रहे इस प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने की थी। तीन दिन चले इस वर्ग में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, भूपेंद्र यादव, सीआर पाटिल, राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े, शिवप्रकाश, वीडी शर्मा, हितानंद शर्मा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने विभिन्न सत्रों में सांसदों और विधायकों को मार्गदर्शन दिया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी अपनी सरकार की प्राथमिकताओं और जनसंपर्क रणनीतियों पर चर्चा की।

पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी जनप्रतिनिधि सार्वजनिक मंचों पर संयमित भाषा का उपयोग करें और सरकार की योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएं।

कांग्रेस ने साधा निशाना, कहा– गुमराह करने की ट्रेनिंग दे रही है बीजेपी

BJP Training Camp: बीजेपी के इस प्रशिक्षण शिविर पर कांग्रेस ने करारा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि बीजेपी खुद ही एक्सपोज हो चुकी है और अब अपने नेताओं को गुमराह करने की ट्रेनिंग दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी नेताओं के विवादित बयानों के डैमेज कंट्रोल के लिए यह आयोजन किया गया है।

वहीं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने शिविर को “सद्बुद्धि वर्ग” करार देते हुए तंज कसा कि अगर बीजेपी को आज अपने नेताओं को सद्बुद्धि देनी पड़ रही है, तो क्या टिकट देते समय उनकी योग्यता नहीं देखी गई थी?

उन्होंने कहा, “या तो ये अज्ञानी हैं या सत्ता के नशे में चूर हैं। जनता ने लोकसभा चुनाव में 400 पार के दावे को नकार दिया, अब मध्यप्रदेश की जनता बीजेपी के घमंड को भी तोड़ेगी।”

BJP Training Camp: जातिगत जनगणना पर उठाए सवाल

उमंग सिंघार ने हाल ही में जारी जनगणना नोटिफिकेशन को राहुल गांधी की जीत बताया, लेकिन साथ ही केंद्र सरकार की नीयत पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने अब तक यह स्पष्ट नहीं किया कि क्या जनगणना और परिसीमन लोकसभा चुनाव से पहले होंगे। उन्होंने आशंका जताई कि बीजेपी चुनावी फायदे के लिए जनगणना को जानबूझकर टाल सकती है।

सिंघार ने कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान की भी तारीफ की और कहा कि “एआईसीसी पर्यवेक्षक पूरे प्रदेश में कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं, जिससे कांग्रेस के भीतर नई ऊर्जा का संचार हुआ है। आने वाले दिनों में एक नई कांग्रेस देखने को मिलेगी।”

विधायक भेरूसिंह पर दी सफाई

कांग्रेस विधायक भेरू सिंह के संघ से प्रभावित होने संबंधी बयान पर उमंग सिंघार ने सफाई देते हुए कहा कि “वो हमारे साथी हैं और उनके बयान को गलत तरीके से न लिया जाए। उन्होंने आगर में पार्टी को मजबूत किया है और वे कांग्रेस के मजबूत सिपाही हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM