भोपाल विमानतल पर एयर इंडिया की उड़ान में 45 मिनट देरी, यात्री परेशान, शिवराज सिंह के कारण देरी का ओएसडी ने खंडन किया!

भोपाल विमानतल पर एयर इंडिया की उड़ान में 45 मिनट देरी, यात्री परेशान, शिवराज सिंह के कारण देरी का ओएसडी ने खंडन किया!

भोपाल। राजा भोज विमानतल पर सोमवार को सुबह दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान तय वक्त से 45 मिनट की देरी से रवाना हुई। विमान संख्या एआई 1886 के समय पर उड़ान नहीं भरने के कारण यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। बोर्डिंग का काम पूरा होने के बावजूद विमान ने समय पर उड़ान नहीं भरी और करीब 45 मिनट तक यात्रियों को इंतजार करना पड़ा। निर्धारित समय सुबह 8 बजकर 25 मिनट की बजाय यह विमान सुबह 9.10 पर दिल्ली के लिए रवाना हुआ।

यात्रियों को देरी का सही कारण नहीं बताया
जब यात्री विमान के अंदर अपनी सीटों पर बैठ चुके थे, तब भी विमान काफी देर तक रनवे के पास खड़ा रहा। इस दौरान यात्रियों को विलंब का स्पष्ट कारण नहीं बताया गया, जिससे विमान के भीतर बैठे लोगों में नाराजगी बढ़ने लगी। सभी यात्री यह जानना चाहते थे कि आखिर विमान को रवाना करने में क्यों देरी की जा रही है। इस बीच, यह जानकारी सामने आई कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की बोर्डिंग सबसे आखिर में हुई और उनके काफिले के लालघाटी से वापस बंगले की तरफ लौटने की चर्चा भी होने लगी। ऐसी बातें सामने आईं कि केंद्रीय मंत्री के इंतजार के कारण विमान की रवानगी प्रभावित हुई, हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की गई।

फ्लाइट लेट होने को लेकर अलग-अलग बहाने
इस मामले में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के ओएसडी ने विमान में देरी के लिए किसी अन्य वजह को जिम्मेदार ठहराया। उनके अनुसार, शिवराज सिंह चौहान तय समय पर विमानतल पहुंच गए थे और उनके विमान में सवार होने के करीब बीस मिनट बाद फ्लाइट ने भोपाल से उड़ान भरी। निर्धारित समय पर बोर्डिंग पूरी होने के बावजूद उड़ान में देरी होने और यात्रियों को सही जानकारी न मिलने से एयर इंडिया की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए। हालांकि, विमान के देर से छूटने का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका। राजा भोज विमानतल के निदेशक आलोक त्रिपाठी ने बताया कि उनकी एयर इंडिया के अधिकारियों से चर्चा हो चुकी है और फ्लाइट ऑपरेशनल कारणों की वजह से लेट हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM