रतलाम में जेन-अल्फा पीढ़ी का पैदल मार्च: 50 KM चलकर कलेक्टर से मिलने निकले 100 से अधिक छात्र-छात्राएं
रतलाम। जिले के बाजना स्थित शासकीय एकलव्य आवासीय छात्रावास के 100 से अधिक छात्र-छात्राएं शनिवार सुबह अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर पैदल मार्च पर निकल पड़े। विद्यार्थियों ने करीब 50 किलोमीटर की दूरी तय कर रतलाम कलेक्टर अजय कटेसरिया से मिलने का फैसला किया है। मार्च के दौरान विद्यार्थी ‘हमारी मांगें पूरी करो’ और ‘हमारी समस्या हल करो’ जैसे नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे हैं।
विद्यार्थियों को रास्ते में बाजना थाना प्रभारी रविंद्र दंडोतिया ने रोककर उनकी समस्याएं स्थानीय स्तर पर रखने के लिए कहा। हालांकि, छात्र-छात्राएं अपनी बात सीधे कलेक्टर के सामने रखने की मांग पर अड़े रहे। पुलिसकर्मी विद्यार्थियों के साथ चल रहे हैं।
छात्रों के साथ कुछ संगठन भी शामिल
विद्यार्थियों के पैदल मार्च में कुछ संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए हैं। घटनास्थल पर फिलहाल स्थानीय स्तर का कोई प्रशासनिक अधिकारी विद्यार्थियों से बातचीत के लिए नहीं पहुंचा था। हालांकि, उनकी शिकायतें सुनने के लिए रतलाम से अधिकारी रवाना हो गए हैं। बाजना तहसीलदार कुलभूषण शर्मा के भी मौके पर पहुंचने की सूचना है।
विद्यार्थियों का कहना है कि वे अपनी मांगें सीधे जिला कलेक्टर के सामने रखना चाहते हैं। इसी उद्देश्य से वे बाजना से रतलाम तक पैदल मार्च कर रहे हैं।

Leave a Reply