इंदौर की 40 हजार छतें बनीं बिजलीघर, 235 मेगावाट सौर ऊर्जा का उत्पादन, योजना से बढ़ा लोगों का रुझान!

इंदौर की 40 हजार छतें बनीं बिजलीघर, 235 मेगावाट सौर ऊर्जा का उत्पादन, योजना से बढ़ा लोगों का रुझान!

इंदौर। बिजली के बढ़ते खर्च से बचने के लिए इंदौर के लोग अब अपनी छतों को बिजलीघर में बदल रहे हैं। शहर की 40 हजार से अधिक छतों पर लगे सोलर संयंत्रों से हर दिन 235 मेगावाट बिजली उत्पादन की क्षमता विकसित हो चुकी है। यह उत्पादन उज्जैन शहर की कुल बिजली मांग के बराबर है। 20 नवंबर तक के आंकड़ों के मुताबिक, पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के इंदौर महानगरीय क्षेत्र में सबसे ज्यादा घरों पर सोलर संयंत्र लगाए गए हैं।

इंदौर महानगरीय क्षेत्र की हिस्सेदारी सबसे अधिक
सौर ऊर्जा को लेकर लोगों की बढ़ती दिलचस्पी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के पूरे कार्यक्षेत्र में अब तक 1,02,200 स्थानों पर छतों पर सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इनकी कुल उत्पादन क्षमता करीब 600 मेगावाट है। इनमें इंदौर महानगरीय क्षेत्र की हिस्सेदारी सबसे अधिक है। घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने से उपभोक्ताओं को न केवल बिजली बिल में राहत मिल रही है, बल्कि वे अपनी जरूरत से अधिक बिजली बनाकर व्यवस्था में योगदान भी दे रहे हैं।
केंद्र सरकार की पीएम सूर्य घर योजना ने इस रफ्तार को और बढ़ाया है। पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह के अनुसार, योजना के तहत 71 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को अब तक 555 करोड़ रुपए की सब्सिडी दी जा चुकी है। योजना में पात्र उपभोक्ताओं को सोलर संयंत्र लगाने पर अधिकतम 78 हजार रुपए तक की आर्थिक सहायता मिलती है। इससे शुरुआती खर्च का बोझ कम हुआ है और अधिक लोग अपने घरों में सौर ऊर्जा संयंत्र लगवाने के लिए आगे आ रहे हैं।

धूप, बारिश से बचाव करने वाली छतें बनी बिजली घर
बिजली बिल में हर महीने होने वाली बचत इस बदलाव की बड़ी वजह है। पहले जहां घरों की छतें केवल धूप और बारिश से बचाव का जरिया थीं, वहीं अब उनका इस्तेमाल बिजली बनाने के लिए भी होने लगा है। सोलर संयंत्रों के विस्तार से लोगों की बिजली कंपनी पर निर्भरता घट रही है। आने वाले समय में यह व्यवस्था बिजली की मांग का दबाव कम करने में भी मददगार हो सकती है। इंदौर में बढ़ते सौर ऊर्जा संयंत्र इस बात का संकेत हैं कि बिजली के उपभोक्ता अब धीरे-धीरे उत्पादक भी बन रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM