इंदौर से पिता और बहन की हत्या कर भागे सरदार बने हर्ष को पुलिस ने नोएडा में दबोचा

इंदौर से पिता और बहन की हत्या कर भागे सरदार बने हर्ष को पुलिस ने नोएडा में दबोचा

इंदौर। पिता और बहन की संपत्ति विवाद में हत्या कर फरार हुआ हर्ष यादव आखिरकार पुलिस के हाथ लग गया। पिछले एक सप्ताह से ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा हर्ष नोएडा में सरदार का भेष बनाकर रह रहा था। उसने पहचान छिपाने के लिए पगड़ी बांध रखी थी और किराए के मकान में पनाह ले रखी थी।
मंगलवार रात एरोड्रम पुलिस ने दिल्ली पुलिस की मदद से संयुक्त कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद पुलिस उसे लेकर इंदौर पहुंची। टीआई मनोज सेंधव ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस के मुताबिक, 18 नवंबर को हर्ष ने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर गांधी नगर क्षेत्र के अरिहंत नगर स्थित किराए के मकान में पिता राजू यादव की हत्या कर दी थी।

पिता का बायां पंजा भी काट दिया
आरोपियों ने उनका बायां पंजा भी काट दिया था। इसके बाद शव को चादर में लपेटकर करीब 10 किलोमीटर दूर हातोद क्षेत्र के जम्बूड़ी हप्सी ले गए और बड़ी कलमेर-माली बड़ोदिया के बीच पुलिया के पास कचरे में फेंक दिया। अगले दिन 19 नवंबर को सुबह करीब 6:17 बजे हर्ष अपनी 20 वर्षीय बहन हर्षिता के कॉलोनी नगर स्थित किराए के मकान पहुंचा। दरवाजा खुलवाने के बाद कथित तौर पर दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

मोबाइल बंद कर ठिकाने बदले
दोहरी हत्या के बाद से ही पुलिस हर्ष की तलाश में जुटी थी। वह बार-बार मोबाइल बंद कर देता और अपना ठिकाना बदल लेता था। तकनीकी जांच में उसके दिल्ली-एनसीआर में होने का पता चला। इसके बाद इंदौर पुलिस ने दिल्ली पुलिस से संपर्क किया और नोएडा में दबिश देकर उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के समय वह सरदार के भेष में था। इस मामले में शामिल नाबालिग आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुका है। अब पुलिस हर्ष को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी। उससे हत्या में इस्तेमाल हथियार, ई-रिक्शा और वारदात से जुड़े दूसरे पहलुओं पर पूछताछ की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM