फैसले पर सवाल उठाएं, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा का भी ध्यान रखें, सीजेआई केंद्रीय विवि के दीक्षांत समारोह में बोले!
धर्मशाला। भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने कहा है कि लोकतंत्र में नागरिकों को संवैधानिक संस्थाओं के फैसलों की आलोचना करने और उनसे असहमति जताने का पूरा अधिकार है, लेकिन किसी एक निर्णय के आधार पर पूरी संस्था को निशाना बनाना उचित नहीं है। फैसले की आलोचना और संस्था की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने के बीच अंतर समझना जरूरी है।
हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के 10वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सीजेआई ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सवाल उठाना और किसी निर्णय से असहमति जताना स्वाभाविक है। हालांकि, किसी फैसले को लेकर नाराजगी में पूरी संवैधानिक संस्था को कठघरे में खड़ा करना उचित नहीं है। इससे संस्थाओं के प्रति लोगों का भरोसा प्रभावित हो सकता है।
सफलता के लिए धैर्य और लगातार मेहनत जरूरी
विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने की सीख देते हुए न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने कहा कि सफलता का रास्ता हमेशा आसान और सीधा नहीं होता। हिमालय की चोटियों का उदाहरण देते हुए उन्होंने समझाया कि ऊंचाई तक पहुंचने के लिए कई कठिन रास्तों और चुनौतियों से गुजरना पड़ता है। जीवन में भी लक्ष्य हासिल करने के लिए धैर्य, निरंतर परिश्रम और कठिन परिस्थितियों का सामना करने का साहस जरूरी है।
उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की सफलता केवल उसकी अपनी मेहनत का परिणाम नहीं होती। इसमें परिवार, शिक्षकों और समाज का भी महत्वपूर्ण योगदान रहता है। विद्यार्थियों को अपनी उपलब्धियों के साथ उन लोगों के सहयोग को भी याद रखना चाहिए, जिन्होंने उनके आगे बढ़ने में भूमिका निभाई है।

Leave a Reply