24 रुपये लेकर मुंबई पहुंचे भूषण ठाकरे बने केबीसी-18 के पहले करोड़पति, मजदूर पिता ने बेटे को कभी मजदूरी नहीं करने दी!
मुंबई। कभी जेब में महज 24 रुपये लेकर मुंबई पहुंचे महाराष्ट्र के जलगांव निवासी 28 वर्षीय भूषण ठाकरे ने अपने संघर्ष को कामयाबी में बदल दिया है। लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के सीजन 18 में वे 1 करोड़ रुपये जीतने वाले पहले प्रतिभागी बन गए हैं। उनकी इस उपलब्धि ने शो के होस्ट अमिताभ बच्चन को भी भावुक कर दिया। हालांकि, भूषण का सफर अभी थमा नहीं है। उनकी निगाहें अब 7 करोड़ रुपये के सवाल पर टिकी हैं।
भूषण की कामयाबी के पीछे कई साल का संघर्ष और परिवार का त्याग है। शो के दौरान उन्होंने अमिताभ बच्चन को बताया कि वे केवल 24 रुपये लेकर मुंबई आए थे। सीमित साधनों के बीच उन्होंने अपने सपनों को जिंदा रखा और लगातार आगे बढ़ते रहे। भूषण पिछले डेढ़ साल से अपने घर भी नहीं लौटे हैं। इस दौरान उनका पूरा ध्यान अपने लक्ष्य को हासिल करने पर रहा।
1 करोड़ रुपये जीतने के बाद शो के जारी प्रोमो में अमिताभ बच्चन उन्हें गले लगाकर बधाई देते नजर आ रहे हैं। इस मौके पर भूषण ने अपने माता-पिता के संघर्षों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उनके पिता दिहाड़ी मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाते थे। मां की तबीयत ठीक नहीं रहती थी और उनके कई ऑपरेशन भी हुए। पिता ने मजदूरी से मिलने वाली कमाई से पत्नी के इलाज के साथ बेटे की पढ़ाई का खर्च भी उठाया। परिवार की आर्थिक स्थिति आसान नहीं थी, लेकिन उन्होंने भूषण की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी।
पिता की एक जिद ने बदल दी जिंदगी
भूषण फिलहाल संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनके पिता ने उन्हें कभी मजदूरी करने नहीं दी। पिता का साफ कहना था कि उन्हें काम पर जाने के बजाय घर पर रहकर पढ़ाई करनी चाहिए और जीवन में आगे बढ़ना चाहिए। पिता की इसी सोच ने भूषण को अपनी मंजिल के लिए मेहनत करते रहने का हौसला दिया।
अब 1 करोड़ रुपये की जीत उनके लिए सिर्फ आर्थिक उपलब्धि नहीं, बल्कि माता-पिता के त्याग का सम्मान करने का मौका भी है। भूषण का कहना है कि वे अपने पिता के लिए कुछ बड़ा करना चाहते हैं, ताकि उन्हें अपने बेटे पर गर्व हो। करोड़पति बनने के बाद भी उनका लक्ष्य पूरा नहीं हुआ है। अब वे 7 करोड़ रुपये के सवाल का सामना करना चाहते हैं। 24 रुपये लेकर मुंबई पहुंचे युवक का करोड़ों तक पहुंचना उन युवाओं के लिए भी प्रेरक कहानी है, जो कठिन हालात के बावजूद बड़े सपने देखने का हौसला रखते हैं।

Leave a Reply