उज्जैन के खड़े हनुमान की प्रतिमा की फिर हुई स्कैनिंग, एक घंटे तक चली जांच, वजह पर प्रशासन की चुप्पी!
उज्जैन। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच उज्जैन के प्रसिद्ध खड़े हनुमान मंदिर की प्रतिमा एक बार फिर जांच के दायरे में है। रविवार सुबह करीब 6 बजे बाहर से आई एक टीम ने मंदिर में पहुंचकर प्रतिमा की तकनीकी स्कैनिंग की। करीब एक घंटे तक चली इस प्रक्रिया के दौरान मंदिर के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद रखा गया। हालांकि, जांच किस उद्देश्य से कराई गई और इसके नतीजों का इस्तेमाल किस काम के लिए होगा, इस बारे में प्रशासन ने कोई जानकारी नहीं दी है।
बताया गया कि सुबह करीब पौने 6 बजे टीम मंदिर पहुंची और पुजारी को बुलाकर प्रतिमा के आसपास विशेष उपकरणों से जांच शुरू की। इस दौरान प्रतिमा के साथ उसके आसपास के हिस्सों की भी बारीकी से स्कैनिंग की गई। जांच पूरी होने के बाद टीम के सदस्यों ने मंदिर में दर्शन भी किए।
पुरानी जांच की रिपोर्ट भी सार्वजनिक नहीं
खड़े हनुमान की प्रतिमा की इससे पहले भोपाल से आई एक टीम जांच कर चुकी है। हालांकि, उस जांच की रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक नहीं की गई। रविवार को दोबारा स्कैनिंग होने के बाद प्रतिमा को हटाए जाने की आशंका को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पहले हुई जांच की रिपोर्ट सामने लाई जाए और नई कार्रवाई का मकसद भी बताया जाए।
सीसीटीवी कैमरों की दिशा बदलने का आरोप
जांच के दौरान मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की दिशा बदलने का आरोप भी लगाया गया है। लोगों का कहना है कि इससे पूरी प्रक्रिया कैमरों में दर्ज नहीं हो सकी। उनका सवाल है कि जब मंदिर के कारण यातायात में कोई बड़ी बाधा नहीं आ रही और साधु-संतों की ओर से भी प्रतिमा हटाने की मांग नहीं की गई है, तो बार-बार तकनीकी जांच कराने की जरूरत क्यों पड़ रही है?
मंदिर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी है। ऐसे में प्रतिमा को लेकर किसी भी तरह की प्रशासनिक योजना पर स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने से चिंता बढ़ रही है। फिलहाल प्रशासन की ओर से न तो स्कैनिंग का कारण बताया गया है और न ही जांच से जुड़ी कोई रिपोर्ट जारी की गई है।

Leave a Reply