बौनापन भी दिव्यांगता की श्रेणी में, प्रमाणपत्र के लिए 147 सेंटीमीटर लंबाई तय, केंद्र सरकार ने बदले दिव्यांगता प्रमाण के नियम!

बौनापन भी दिव्यांगता की श्रेणी में, प्रमाणपत्र के लिए 147 सेंटीमीटर लंबाई तय, केंद्र सरकार ने बदले दिव्यांगता प्रमाण के नियम!

नई दिल्ली। अब बौनापन भी दिव्यांगता प्रमाणपत्र पाने का आधार होगा। केंद्र सरकार ने इसके लिए वयस्कों की लंबाई का नया पैमाना तय किया है। 147 सेंटीमीटर यानी करीब 4 फीट 10 इंच से कम लंबाई वाले वयस्कों को बौनेपन की श्रेणी में रखा जाएगा। इतना ही नहीं, निर्धारित सीमा से लंबाई में प्रत्येक 1 इंच की कमी पर 4 प्रतिशत स्थायी शारीरिक दिव्यांगता मानी जाएगी।
केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग ने 18 नवंबर 2026 को दिव्यांगता की पहचान और प्रमाणपत्र जारी करने के लिए नए दिशा-निर्देश अधिसूचित किए हैं। ये नियम 14 मार्च 2024 को जारी पुराने दिशा-निर्देशों की जगह लेंगे। नई व्यवस्था का मकसद अलग-अलग तरह की शारीरिक और मानसिक अक्षमताओं के आकलन में एकरूपता लाना है। इसके तहत दिव्यांगता की विभिन्न श्रेणियों के लिए अलग-अलग जांच पद्धति और मापदंड निर्धारित किए गए हैं।

हाथ-पैर की क्षमता और ताकत भी जांच के दायरे में
चलने-फिरने में परेशानी से जुड़ी दिव्यांगता का आकलन अब शरीर के ऊपरी और निचले अंगों की कार्यक्षमता के आधार पर किया जाएगा। हाथों की जांच में जोड़ों की गति, मांसपेशियों की ताकत, पकड़ने की क्षमता, संवेदनशीलता और अंगों के बीच तालमेल देखा जाएगा। पैरों और रीढ़ की हड्डी से जुड़ी समस्याओं के लिए भी अलग मानक तय किए गए हैं।
इन नियमों में अंग कटने, मस्तिष्क पक्षाघात, कुष्ठ रोग से ठीक हुए लोगों, मांसपेशियों की कमजोरी से जुड़ी बीमारियों और रीढ़ की हड्डी में विकार जैसी स्थितियों को भी शामिल किया गया है। यानी केवल किसी अंग की बाहरी स्थिति नहीं, बल्कि उसका सामान्य कामकाज कितना प्रभावित है, यह भी प्रमाणपत्र तय करने में महत्वपूर्ण होगा।

प्रमाणपत्र के लिए छह महीने का इंतजार, स्थायी प्रमाणपत्र 18 साल बाद
चलने-फिरने से जुड़ी दिव्यांगता के मामलों में अंग कटने की स्थिति को छोड़कर लक्षण शुरू होने के 6 महीने बाद अस्थायी प्रमाणपत्र जारी किया जा सकेगा। स्थायी दिव्यांगता प्रमाणपत्र के लिए व्यक्ति की उम्र 18 साल पूरी होना जरूरी होगा। जरूरत पड़ने पर दिव्यांग व्यक्ति के अनुरोध या विशेषज्ञ की सलाह पर प्रत्येक 10 साल में दोबारा जांच भी कराई जा सकती है।

आंखों और कानों की जांच के लिए भी तय हुई कसौटी
दृष्टि संबंधी दिव्यांगता के आकलन में पूरी तरह दृष्टिहीन होने के साथ उन लोगों को भी शामिल किया जाएगा, जिनकी देखने की क्षमता बेहतर संभव उपचार के बाद भी 3/60 से कम रह जाती है या जिनका दृष्टि क्षेत्र 10 डिग्री से कम होता है। कम दिखाई देने की समस्या के लिए भी अलग मापदंड रखे गए हैं। सुनने की क्षमता का आकलन प्योर टोन ऑडियोमेट्री जांच से होगा। बोलने और भाषा संबंधी परेशानियों में स्वरयंत्र निकालने की शल्य चिकित्सा, स्वर तंत्रियों का लकवाग्रस्त होना, जीभ से जुड़ी दिक्कतें और बोलने में गंभीर कठिनाई जैसी स्थितियों को ध्यान में रखा जाएगा।

ऑटिज्म में अंकों के आधार पर तय होगा दिव्यांगता प्रतिशत
ऑटिज्म से प्रभावित 6 साल या उससे अधिक उम्र के बच्चों में दिव्यांगता का प्रतिशत इंडियन स्केल फॉर असेसमेंट ऑफ ऑटिज्म (आईएसएए) के आधार पर निकाला जाएगा। इसमें 70 से कम अंक आने पर ऑटिज्म की श्रेणी में दिव्यांगता नहीं मानी जाएगी। 70 अंक पर 40 प्रतिशत, 71 से 88 अंक पर 50 प्रतिशत और 89 से 106 अंक पर 60 प्रतिशत दिव्यांगता निर्धारित होगी। इसके बाद अंक बढ़ने के साथ दिव्यांगता का प्रतिशत भी बढ़ेगा। 153 से अधिक अंक मिलने पर 100 प्रतिशत दिव्यांगता मानी जाएगी।
पढ़ने, लिखने और गणित समझने में लगातार परेशानी से जुड़े विशिष्ट अधिगम विकारों के लिए भी नियम स्पष्ट किए गए हैं। इसके लिए व्यक्ति का बुद्धिलब्धि (आईक्यू) स्तर कम से कम 85 होना चाहिए। उचित पढ़ाई और जरूरी सहायता देने के बावजूद यदि समस्या 6 महीने तक बनी रहती है, तो उसका आकलन किया जाएगा।

मानसिक बीमारी और छोटे बच्चों के लिए अलग व्यवस्था
मानसिक बीमारी से जुड़ी दिव्यांगता का निर्धारण मनोचिकित्सक की जांच और तय मूल्यांकन पद्धति के आधार पर होगा। इसमें बीमारी कितने समय से है, व्यक्ति अपनी देखभाल किस तरह करता है, रोजमर्रा के काम कितने कर पाता है और उसकी बातचीत तथा सोचने-समझने की क्षमता पर कितना असर पड़ा है, इन बातों को देखा जाएगा। यदि बीमारी की अवधि 2 साल से कम है, तो सामान्य तौर पर निश्चित समय के लिए प्रमाणपत्र जारी किया जा सकता है। हालांकि, गंभीर मामलों में चिकित्सा मंडल स्थायी प्रमाणपत्र देने पर विचार कर सकेगा। बौद्धिक दिव्यांगता के आकलन के लिए प्रमाणपत्र जारी करने की न्यूनतम उम्र 1 साल रखी गई है। 1 से 5 साल तक के बच्चों में समग्र विकास में देरी की जांच होगी,

जबकि 5 साल से अधिक उम्र के बच्चों में बौद्धिक दिव्यांगता का आकलन किया जाएगा।

राज्यों के अधिकारी जारी करेंगे प्रमाणपत्र और यूडीआईडी कार्ड
नई व्यवस्था के तहत राज्य सरकारें और केंद्र शासित प्रदेश ऐसे अधिकारियों को अधिकृत करेंगे, जिनके पास दिव्यांगता का आकलन करने के लिए जरूरी योग्यता और अनुभव हो। यही अधिकारी दिव्यांगता प्रमाणपत्र के साथ विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र (यूडीआईडी) जारी करने की प्रक्रिया पूरी करेंगे। जांच के दौरान संबंधित विशेषज्ञों की राय और मानकीकृत उपकरणों का इस्तेमाल अनिवार्य होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM