बिसलेरी के पानी के नमूने में मिले हानिकारक रसायन, FSSAI ने असुरक्षित घोषित किया, अब केस चलेगा!

बिसलेरी के पानी के नमूने में मिले हानिकारक रसायन, FSSAI ने असुरक्षित घोषित किया, अब केस चलेगा!

नई दिल्ली। बोतलबंद पानी के बाजार में बड़ा नाम रखने वाली बिसलेरी इंटरनेशनल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के एक नमूने को जांच में असुरक्षित पाए जाने के बाद उसके खिलाफ मुकदमा चलाने की अनुमति दे दी है। जांच में पानी के नमूने में निर्धारित सीमा से अधिक ब्रोमेट पाया गया। इसके अलावा दूसरी प्रयोगशाला की जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी भी सामने आई है।
FSSAI ने रविवार को सोशल मीडिया के जरिए इस कार्रवाई की जानकारी दी। प्राधिकरण के मुताबिक, बिसलेरी इंटरनेशनल के परिसर से नियमित निगरानी के दौरान पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर का नमूना लिया गया था। यह नमूना मिनरल वाटर की श्रेणी में नहीं आता। शुरुआती जांच में पानी में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिली। इसके बाद खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत इसे असुरक्षित घोषित कर दिया गया।

दोबारा परीक्षण में भी नमूना सुरक्षित नहीं पाया
कंपनी की ओर से नमूने की जांच पर आपत्ति जताते हुए अपील की गई थी। इसके बाद इसे रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया। वहां दोबारा परीक्षण में भी नमूना सुरक्षित नहीं पाया गया। प्रयोगशाला की रिपोर्ट में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी दर्ज की गई। इस रिपोर्ट के आधार पर FSSAI ने कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दे दी।
इस मामले में बिसलेरी के सामने अब खाद्य सुरक्षा कानून के तहत मुकदमे का सामना करने की चुनौती है। हालांकि, नियामक की इस कार्रवाई का संबंध जांच के लिए लिए गए विशेष नमूने से है। इसे कंपनी के सभी उत्पादों या बाजार में उपलब्ध पानी की हर बोतल के असुरक्षित होने का प्रमाण नहीं माना जा सकता।

दूसरी खाद्य कंपनियां भी नियामक के निशाने पर
FSSAI ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के मामलों में बिसलेरी के अलावा वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड, टिट-बिट फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मीमांसा इंडस्ट्रीज और आशा कन्फेक्शनरी के खिलाफ भी मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है। नियमों का पालन नहीं करने पर उर्मि लाइफ साइंसेज LLP और गौर आयुर्वेदिक स्टोर के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। आशा कन्फेक्शनरी को अपने प्री-पैक चॉकलेट फिल्ड कुकीज बाजार से वापस लेने का निर्देश भी दिया गया है। जांच में इन कुकीज को असुरक्षित पाया गया था।
खाद्य नियामक ने वर्ष 2026 में खाद्य उत्पाद बनाने वाली कंपनियों के साथ ऑनलाइन कारोबार करने वाली कंपनियों पर भी निगरानी बढ़ाई है। ऊर्जा पेय और मादक पेय बनाने वाली कंपनियां भी जांच के दायरे में हैं। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों के जरिए FSSAI खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित करने में जुटा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM