जिन 4 गानों पर रोक की बात कही, इंदौर में दिलजीत ने वह भी गाए, अब अधिकारी बोले ‘हमने सिर्फ अनुरोध किया निर्देश नहीं था!’
इंदौर। पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ ने इंदौर में अपने कार्यक्रम के दौरान उन गानों को भी गाया, जिन्हें लेकर जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने आयोजकों को पहले ही चेतावनी भरा पत्र भेजा था। 15 नवंबर को हुए इस कार्यक्रम में दिलजीत ने मंच से बिना किसी का नाम लिए विरोध करने वालों पर निशाना साधा। उन्होंने राहत इंदौरी का मशहूर शेर सुनाते हुए कहा, ‘किसी के बाप का हिन्दुस्तान थोड़ी है।’ गानों पर रोक लगाने की कोशिशों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि कभी किसी गाने को गाने से मना किया जाता है तो कभी किसी दूसरे गाने पर आपत्ति जताई जाती है। इसके बाद उन्होंने उन 4 गानों को भी मंच पर पेश किया, जिन्हें नहीं गाने के लिए आयोजकों से कहा गया था।
बाल संरक्षण अधिकारी ने आयोजकों को भेजा था पत्र
इस पूरे विवाद की शुरुआत जिला बाल संरक्षण अधिकारी रजनीश सिन्हा की ओर से आयोजकों को भेजे गए पत्र से हुई थी। इसमें पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के 22 जुलाई 2019 के आदेश का हवाला देते हुए दिलजीत के 4 गानों ‘पटियाला पैग’, ‘5 तारा’, ‘जीभ विचों’ और ‘जट उठे’ का जिक्र किया गया था। पत्र में कहा गया था कि इन गानों का छोटे बच्चों पर बुरा असर पड़ सकता है। इनके बोल नशे और दूसरी ऐसी गतिविधियों को बढ़ावा देने वाले माने गए हैं, जिनसे बच्चों के व्यवहार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
अधिकारी ने आयोजकों से यह सुनिश्चित करने को कहा था कि कार्यक्रम में इन गानों को न गाया जाए। इसकी वजह यह भी थी कि इंदौर के आयोजन में 5 साल से अधिक उम्र के बच्चों को प्रवेश की अनुमति दी गई थी, जबकि सामान्य तौर पर ऐसे कार्यक्रमों में 13 साल से अधिक उम्र के लोगों को ही प्रवेश दिया जाता है।
यह पत्र चंडीगढ़ निवासी डॉ पंडितराव धारेनावर की ओर से 1 नवंबर 2026 को भेजे गए आवेदन के बाद जारी किया गया था। उन्होंने अपनी शिकायत में बच्चों को मंच पर नहीं बुलाने और दिलजीत से बुलेट बेल्ट नहीं पहनने की मांग भी की थी। गौरतलब है कि हाईकोर्ट के आदेश के बाद दिसंबर 2024 में भी दिलजीत का इंदौर में कार्यक्रम हुआ था, लेकिन उस समय इस तरह की आपत्ति सामने नहीं आई थी।
मंच से राहत इंदौरी का शेर सुनाया
कार्यक्रम के दौरान दिलजीत ने गानों पर लगाई गई पाबंदियों को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि कभी कहा जाता है कि यह नहीं कर सकते, कभी कहा जाता है कि वह नहीं कर सकते और अब यह भी तय किया जा रहा है कि कौन-सा गाना गाना है और कौन-सा नहीं।
इसके बाद उन्होंने राहत इंदौरी की पंक्तियां सुनाईं, ‘हमारे मुंह से जो निकले वही सदाकत है, हमारे मुंह में तुम्हारी जुबान थोड़ी है। अगर खिलाफ है तो होने दो, जान थोड़ी है। ये सब धुआं है, आसमान थोड़ी है।’ इन पंक्तियों के जरिए उन्होंने अपने गीतों पर आपत्ति जताने वालों को जवाब दिया। दिलजीत ने इसके बाद उन गानों को भी गाया, जिन पर पहले रोक लगाने की बात कही गई थी।
कार्रवाई के सवाल पर अधिकारी ने कहा ‘हमने तो सिर्फ अनुरोध किया’
कार्यक्रम में प्रतिबंधित बताए गए गाने गाए जाने के बाद अब जिला बाल संरक्षण अधिकारी रजनीश सिन्हा के रुख में भी नरमी दिखाई दे रही है। बातचीत में उन्होंने कहा कि आमतौर पर संगीत कार्यक्रमों में 13 साल से अधिक उम्र के लोगों को प्रवेश दिया जाता है, लेकिन इंदौर के आयोजन में 5 साल से अधिक उम्र के बच्चों को भी आने की अनुमति थी।
सिन्हा के मुताबिक, हाईकोर्ट ने अपने आदेश में किसी खास गाने की सूची नहीं दी थी। अदालत की ओर से केवल यह दिशा-निर्देश दिया गया था कि नशे और हथियारों से जुड़े गीत बच्चों पर गलत असर डाल सकते हैं। इसी आधार पर आयोजकों को पत्र लिखकर ऐसे गाने नहीं गाने का अनुरोध किया गया था।
अधिकारी बोले ‘हमने अनुरोध किया, निर्देश नहीं दिया!’
जब उनसे पूछा गया कि दिलजीत ने इसके बावजूद वे गाने गाए हैं तो अब क्या कार्रवाई होगी, इस पर सिन्हा ने कहा कि उन्होंने बाल संरक्षण अधिकारी के तौर पर आयोजकों से केवल अनुरोध किया था। अदालत ने भी ऐसा कोई निर्देश नहीं दिया है कि इन गानों को गाए जाने पर क्या कार्रवाई की जाएगी। इंदौर पुलिस ने भी निर्धारित शर्तों के आधार पर कार्यक्रम की अनुमति दी थी। अब इस मामले में आगे क्या होगा, यह संबंधित स्तर पर देखा जाएगा।
कार्रवाई के सवाल पर उन्होंने कहा कि व्यवस्था का काम धीरे-धीरे लोगों को जागरूक करना भी है। यदि ऐसा कोई मामला सामने आया है तो आगे जो भी कदम उठाया जाएगा, वह कानूनी प्रक्रिया के तहत ही होगा। यानी कार्यक्रम से पहले जिन गानों को लेकर आयोजकों को सावधान किया गया था, वे गाने मंच पर गूंजे, लेकिन अब अधिकारी कार्रवाई की स्पष्ट जिम्मेदारी लेने के बजाय अपने पत्र को महज एक अनुरोध बता रहे हैं।

Leave a Reply