तुलसी से भगवान विष्णु ने क्यों रचाया शालिग्राम रूप में विवाह? जानिए पौराणिक कथा और शुभ तारीख
कार्तिक महीने में आने वाला तुलसी विवाह हिंदू धर्म के प्रमुख पर्वों में से एक है। देवउठनी एकादशी के साथ ही चार महीने से चल रहे चातुर्मास का समापन होता है और मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है। इस दिन भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप और माता तुलसी का विवाह कराया जाता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि तुलसी विवाह भगवान विष्णु के बजाय उनके शालिग्राम रूप से ही क्यों होता है? इसके पीछे एक दिलचस्प पौराणिक कथा जुड़ी है। आइए जानते हैं इस साल तुलसी विवाह कब है और इससे जुड़ी मान्यताएं क्या हैं।
कब है देवउठनी एकादशी और तुलसी विवाह?
पंचांग के अनुसार, साल 2026 में देवउठनी एकादशी 20 नवंबर को मनाई जाएगी। एकादशी तिथि 20 नवंबर की सुबह 7 बजकर 15 मिनट से शुरू होकर 21 नवंबर की सुबह 6 बजकर 31 मिनट तक रहेगी। वहीं, तुलसी विवाह 21 नवंबर को कराया जाएगा। इस दिन घरों और मंदिरों में तुलसी माता का विवाह शालिग्राम जी के साथ पूरे विधि-विधान से किया जाता है।
वृंदा के श्राप से बने थे भगवान विष्णु शालिग्राम
पौराणिक कथा के अनुसार, प्राचीन समय में वृंदा नाम की एक परम विष्णु भक्त थी। उसका विवाह जालंधर नाम के शक्तिशाली असुर से हुआ था। वृंदा के पतिव्रता धर्म के प्रभाव से जालंधर को अपार शक्ति प्राप्त थी। उसे पराजित करना देवताओं के लिए भी मुश्किल हो गया था।
मान्यता है कि जालंधर का अंत करने के लिए भगवान विष्णु ने छल से वृंदा का व्रत भंग कर दिया। इससे जालंधर की शक्ति समाप्त हो गई और भगवान शिव ने उसका वध कर दिया। जब वृंदा को इस बात का पता चला तो उसने क्रोधित होकर भगवान विष्णु को पत्थर बन जाने का श्राप दे दिया। इसी श्राप के कारण भगवान विष्णु शालिग्राम स्वरूप में प्रकट हुए।
बाद में वृंदा ने अपना शरीर त्याग दिया और उसकी राख से तुलसी का पौधा उत्पन्न हुआ। भगवान विष्णु ने तुलसी को पवित्र स्थान दिया और कहा कि उनकी पूजा तुलसी के बिना अधूरी मानी जाएगी। तभी से शालिग्राम और तुलसी की पूजा की परंपरा शुरू हुई।
क्यों खास है तुलसी विवाह?
धार्मिक मान्यता है कि तुलसी विवाह कराने से घर में सुख-समृद्धि आती है। इसे कन्यादान के समान पुण्यदायी भी माना जाता है। देवउठनी एकादशी के बाद विवाह, गृह प्रवेश और अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत भी शुभ मानी जाती है

Leave a Reply