खरगोन तक पहुंचेगी ट्रेन, मनमाड़-इंदौर रेल परियोजना के तहत निमगढ़ और कोठड़ा में बनेंगे स्टेशन, महेश्वर के पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा!

खरगोन तक पहुंचेगी ट्रेन, मनमाड़-इंदौर रेल परियोजना के तहत निमगढ़ और कोठड़ा में बनेंगे स्टेशन, महेश्वर के पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा!

इंदौर। मनमाड़-इंदौर नई रेल परियोजना से अब खरगोन जिले के भी रेल नेटवर्क से जुड़ने की उम्मीद बंधी है। परियोजना के तहत जिले में 2 नए रेलवे स्टेशन प्रस्तावित किए गए हैं। महेश्वर तहसील के निमगढ़ और कसरावद तहसील के कोठड़ा में बनने वाले इन स्टेशनों से जिले के बड़े हिस्से को रेल सुविधा का लाभ मिल सकेगा। आजादी के बाद से रेल सेवा की प्रतीक्षा कर रहे इस क्षेत्र के लोगों के लिए यह बड़ी उपलब्धि होगी। इससे महेश्वर आने वाले पर्यटकों के साथ किसानों, व्यापारियों और औद्योगिक इकाइयों को भी आवागमन और माल परिवहन का नया विकल्प मिलेगा।

महेश्वर पहुंचना होगा आसान
निमगढ़ में प्रस्तावित रेलवे स्टेशन से ऐतिहासिक नगरी महेश्वर को रेल मार्ग से जोड़ने का रास्ता खुलेगा। फिलहाल देश के दूसरे हिस्सों से महेश्वर पहुंचने वाले पर्यटकों को सड़क मार्ग पर निर्भर रहना पड़ता है। रेल सुविधा शुरू होने के बाद यहां आने-जाने में सहूलियत होगी। इसका असर पर्यटन गतिविधियों पर भी दिखाई दे सकता है।
महेश्वर ऐतिहासिक किले, नर्मदा के घाट और देवी अहिल्याबाई होल्कर की विरासत के कारण देशभर में अपनी अलग पहचान रखता है। यहां बनने वाली महेश्वरी साड़ियां भी देश-विदेश में पसंद की जाती हैं। रेल संपर्क बढ़ने से पर्यटकों की संख्या में इजाफा होने की संभावना है। इसका लाभ होटल व्यवसाय, हथकरघा और स्थानीय हस्तशिल्प से जुड़े लोगों को मिल सकता है।

निमरानी औद्योगिक क्षेत्र को मिलेगा फायदा
कसरावद तहसील के कोठड़ा में प्रस्तावित दूसरा स्टेशन औद्योगिक गतिविधियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। इसके बनने से निमरानी औद्योगिक क्षेत्र को रेल परिवहन की सुविधा मिल सकेगी। अभी उद्योगों को कच्चा माल मंगाने और तैयार सामान दूसरे शहरों तक भेजने के लिए मुख्य रूप से सड़क परिवहन पर निर्भर रहना पड़ता है। रेल सेवा उपलब्ध होने पर माल भेजने का खर्च घटाने और परिवहन व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक बनाने का विकल्प मिलेगा। इससे क्षेत्र में नए उद्योगों के लिए भी संभावनाएं बन सकती हैं।

किसानों को बड़े बाजारों तक पहुंचने का मिलेगा रास्ता
खरगोन जिले की पहचान कपास, मिर्च और केले की पैदावार के लिए है। यहां की कृषि उपज की दूसरे राज्यों और बड़े शहरों में मांग रहती है। रेल संपर्क मिलने से किसानों और व्यापारियों को अपनी उपज दूर के बाजारों तक भेजने में आसानी हो सकती है। खासकर अधिक मात्रा में कृषि उत्पादों की ढुलाई के लिए रेल सेवा उपयोगी साबित होगी। इससे स्थानीय कारोबार को विस्तार मिलने की उम्मीद है।
दोनों स्टेशन बनने का लाभ केवल महेश्वर और कसरावद तक सीमित नहीं रहेगा। आसपास के गांवों के लोगों को भी रेल से बड़े शहरों तक पहुंचने की सुविधा मिल सकेगी। शिक्षा, रोजगार, कारोबार और इलाज के सिलसिले में बाहर जाने वालों का सफर भी पहले के मुकाबले आसान हो सकता है।

टेंडर प्रक्रिया के साथ आगे बढ़ रहा काम
मनमाड़-इंदौर रेल संघर्ष समिति के प्रमुख मनोज मराठे के मुताबिक, निमगढ़ और कोठड़ा में प्रस्तावित स्टेशन खरगोन जिले के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। रेल सुविधा मिलने से उद्योगों को माल परिवहन का बेहतर साधन मिलेगा, वहीं किसानों और व्यापारियों को अपनी उपज बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सहूलियत होगी।
मराठे ने बताया कि रेल परियोजना के निर्माण के लिए रेलवे अलग-अलग चरणों में निविदाएं जारी कर रहा है। पहले चरण में महू से ग्यासपुर खेड़ी तक के कामों के लिए करीब 5,000 करोड़ रुपए के टेंडर जारी किए गए हैं। दूसरे चरण में ग्यासपुर खेड़ी से सेंधवा की दिशा में रेललाइन बिछाने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ी है। इसी हिस्से में खरगोन जिले के निमगढ़ और कोठड़ा स्टेशन प्रस्तावित हैं।

इन गांवों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू
परियोजना को लेकर भूमि अधिग्रहण और निर्माण संबंधी गतिविधियां भी आगे बढ़ रही हैं। कसरावद तहसील के जारोली, औरंगपुरा, नागंवा, कोठड़ा और ज्ञानपुरा के अलावा महेश्वर तहसील के मोहिदा, मक्सी, भेड़ियाबाड़ा, निमगढ़ और कुसुम्भा गांव परियोजना से प्रभावित क्षेत्र में शामिल हैं। रेललाइन और स्टेशनों का निर्माण पूरा होने के बाद खरगोन जिले को पहली बार रेल संपर्क मिलने का रास्ता साफ हो सकेगा। इससे न केवल लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी, बल्कि महेश्वर के पर्यटन, निमरानी के उद्योग और जिले के कृषि कारोबार को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM