भोपाल में 26 नवंबर को कांग्रेस का संविधान रक्षा मार्च, राहुल गांधी के आने की उम्मीद, दिल्ली में होने वाला कार्यक्रम बदला!
भोपाल। कांग्रेस 26 नवंबर को संविधान दिवस पर भोपाल में बड़ा आयोजन करेगी। पार्टी राजधानी में संविधान रक्षा मार्च निकालेगी, जिसमें प्रदेशभर से करीब 1 लाख कार्यकर्ताओं को बुलाने की तैयारी है। इस कार्यक्रम में राहुल गांधी के भी शामिल होने की संभावना है। आयोजन की जिम्मेदारी जिला कांग्रेस कमेटियों और विभिन्न विभागों को सौंपी गई है।
कांग्रेस ने पहले मतदाता सूची में गड़बड़ी और वोट चोरी के मुद्दे पर 25 और 26 नवंबर को दिल्ली में शक्ति प्रदर्शन करने की योजना बनाई थी। मध्य प्रदेश से भी 1 लाख कार्यकर्ताओं को दिल्ली ले जाने की तैयारी थी। अब पार्टी ने दिल्ली का कार्यक्रम स्थगित कर सभी राज्यों में आयोजन करने का फैसला किया है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने प्रदेश इकाइयों को इसकी सूचना दी है। भोपाल में होने वाले कार्यक्रम में संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कर मार्च निकाला जाएगा। कांग्रेस आयोजन के लिए स्थान तय कर रही है।
हर बूथ पर तैनात होगा वोट रक्षक
संविधान रक्षा मार्च से पहले कांग्रेस 22 से 30 नवंबर तक वोट रक्षक अभियान चलाएगी। इसके तहत हर बूथ पर एक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी दी जाएगी, जो मतदाता सूची से हटाए गए नामों की जांच करेगा। यह अभियान 15 दिसंबर तक ग्राम पंचायत स्तर तक चलाया जाएगा। बूथों से मिलने वाली रिपोर्ट रोजाना दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कार्यालय भेजी जाएगी। इसके लिए वहां अलग नियंत्रण कक्ष बनाया गया है।
29 नवंबर से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’
मतदाता सूची से हटाए गए नामों की जांच के बाद कांग्रेस 29 नवंबर से वोट बचाओ, देश बचाओ चौपाल शुरू करेगी। इसमें प्रभावित मतदाताओं की शिकायतें सुनी जाएंगी। पार्टी बूथ स्तर पर जुटाए गए आंकड़े केंद्रीय नेतृत्व को भेजेगी। कांग्रेस इन कार्यक्रमों के जरिए मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठाने और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय करने की तैयारी में है।

Leave a Reply